सारण: साहेबगंज-मौना सड़क पर अतिक्रमण का कब्जा, बाजार लगने से वाहनों का परिचालन बाधित

Updated:
विज्ञापन

साहेबगंज-मौना के बीच सड़क पर लगी दुकानें | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सारण शहर के साहेबगंज-मौना मार्ग पर अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था चरमरा दी है। 50 फुट चौड़ी सड़क के 30 फुट हिस्से पर दुकानों का कब्जा होने से चार पहिया वाहनों को निकलना दूभर हो गया है। डबल डेकर निर्माण से बढ़ी मुसीबत के कारण लोग इस मार्ग का अधिक उपयोग कर रहे हैं, जिससे जाम की स्थिति गंभीर हो गई है।

विज्ञापन

Saran News: सारण शहर के साहेबगंज से मौना के बीच करीब 500 मीटर लंबी सड़क इन दिनों अतिक्रमण की वजह से परेशानी का कारण बन गई है. सड़क पर ही बाजार लगने के कारण वाहनों का परिचालन बाधित हो रहा है. सुबह नौ बजे के बाद से ही इस सड़क पर स्थायी दुकानदारों के साथ-साथ फुटपाथी दुकानदारों का कब्जा शुरू हो जाता है, जो रात नौ बजे तक जारी रहता है.

विज्ञापन

करीब 50 फुट चौड़ी इस सड़क के लगभग 30 फुट हिस्से पर दुकानदारों ने कब्जा जमा लिया है. इसके कारण चार पहिया वाहनों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है. यदि कोई चार पहिया वाहन इस मार्ग में प्रवेश कर जाता है, तो उसे निकलने में डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग जाता है. वहीं दो पहिया वाहन और ई-रिक्शा चालक भी काफी मुश्किल से आवाजाही कर पा रहे हैं.

व्यस्त बाजार और डबल डेकर निर्माण से बढ़ी परेशानी

साहेबगंज-मौना मार्ग पर प्रधान डाकघर, टेलीफोन एक्सचेंज, कपड़ा मंडी, सब्जी मंडी और थोक किराना मंडी स्थित हैं. इस कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है.

वर्तमान समय में डबल डेकर निर्माण कार्य के कारण मौना से मेवालाल चौक और नगर पालिका चौक के बीच का मार्ग प्रभावित है. ऐसे में थाना चौक की ओर आने-जाने के लिए लोग साहेबगंज-मौना मार्ग का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन सड़क पर अतिक्रमण के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मौना से तिनकोनिया मोड़ तक सबसे अधिक अतिक्रमण

मौना-साहेबगंज रोड में सबसे ज्यादा परेशानी मौना से तिनकोनिया मोड़ तक है. यहां सड़क के दोनों ओर करीब 30 फुट तक अतिक्रमण कर लिया गया है.

इस इलाके में 200 से अधिक सब्जी और फल की दुकानें सड़क पर ही लग रही हैं. सुबह आठ बजे से ही फुटपाथी दुकानदार ठेला लगाकर सड़क को घेर लेते हैं, जिससे लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती है.

तिनकोनिया मोड़ से नगर पालिका चौक की ओर जाने के लिए खनुआ के ऊपर से नया रास्ता बनाया गया है, लेकिन वहां भी अतिक्रमण के कारण लोग इसका सही इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं.

दिनभर कई बार लगता है महाजाम

साहेबगंज-मौना सड़क पर दिनभर कई बार महाजाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. सड़क के दोनों ओर कई रिहायशी कॉलोनियां हैं, साथ ही शहर की प्रमुख मंडियां भी मौजूद हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं. घरों में शादी या अन्य आयोजन होने पर सड़क खाली कराने के लिए दुकानदारों से आग्रह करना पड़ता है.

सबसे बड़ी परेशानी आपात स्थिति में होती है. एंबुलेंस जैसे जरूरी वाहनों का भी इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो जाता है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द अतिक्रमण हटाने और सड़क को आम लोगों के आवागमन के लिए सुचारु कराने की मांग की है.

Also Read: CM सम्राट बोले- जीविका दीदियों के कहने पर सरकार ने बिजली फ्री की और पेंशन बढ़ाई, चुनाव से पहले कराया था महिला संवाद


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन