सारण: बनियापुर के अमित को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, मैट्रिक में बिहार में सातवां स्थान लाकर बढ़ाया जिले का मान
अमित को सम्मानित करते बिहार बोर्ड के सचिव प्रमोद कुमार | Prabhat Khabar Network
पटना के नेक संवाद कार्यक्रम में बिहार बोर्ड टॉपर अमित कुमार राय को मुख्यमंत्री ने नकद राशि, मेडल और लैपटॉप के लिए चेक देकर सम्मानित किया। पूरी खबर पढ़ें।
Saran News : पटना के ‘नेक संवाद’ कार्यक्रम में बुधवार को बिहार बोर्ड की वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट और मैट्रिक परीक्षा के कुल 168 टॉपर्स को सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टॉपर्स को नकद राशि, एप्रिसिएशन लेटर और मेडल देकर सम्मानित किया. इस दौरान बनियापुर के छात्र अमित कुमार राय को भी उनकी शानदार उपलब्धि के लिए सम्मान मिला. अमित ने मैट्रिक परीक्षा में बिहार में सातवां और सारण जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है.
मुख्यमंत्री ने अमित कुमार राय को दिया पुरस्कार
बनियापुर प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय चोरौवां के छात्र अमित कुमार राय को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्मानित किया. अमित कुमार राय हरपुर छतवां निवासी राकेश राय के पुत्र हैं, जो कॉम्पिटिशन पब्लिक स्कूल हरपुर छतवां के निदेशक भी हैं.
पुरस्कार के साथ यात्रा और ठहरने के लिए भी मिली राशि
सम्मान समारोह में अमित कुमार राय को मार्ग व्यय और पटना में ठहरने के लिए कुल 13 हजार रुपये नकद दिये गये. इसके अलावा पुरस्कार राशि के रूप में 20 हजार रुपये का चेक तथा लैपटॉप खरीदने के लिए 51 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया. उन्हें एप्रिसिएशन लेटर और मेडल देकर भी सम्मानित किया गया.
168 टॉपर्स को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में बिहार बोर्ड पटना के वर्ष 2026 के इंटरमीडिएट और मैट्रिक के कुल 168 टॉपर्स को सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने टॉपर्स के साथ दिन का भोजन भी किया. इस अवसर पर टॉपर्स के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया.
अगली कक्षा की पढ़ाई के लिए मिलेगी मासिक छात्रवृत्ति
सम्मान समारोह में बताया गया कि सभी टॉपर्स को अगली कक्षा की पढ़ाई के लिए मासिक छात्रवृत्ति भी मिलेगी. इससे मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिलेगी.
मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने टॉपर्स को किया प्रेरित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव समेत अन्य अधिकारियों ने टॉपर्स को संबोधित किया. सभी ने विद्यार्थियों को आगे भी मेहनत जारी रखने और बिहार के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे. बिहार बोर्ड की ओर से सचिव प्रमोद कुमार और संयुक्त सचिव भी कार्यक्रम में उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए