सारण: रिविलगंज में सहयोग शिविर का आयोजन, 60 आवेदन में 33 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

Prabhat Khabar Network
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर योजना के तहत रिविलगंज प्रखंड में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया. 33 मामलों का मौके पर ही निष्पादन हुआ और शेष का 30 दिनों के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा.
Saran News: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर योजना के तहत मंगलवार को रिविलगंज प्रखंड के सामुदायिक भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था.
शिविर में लोगों की सुविधा के लिए 15 विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे. यहां नया राशन कार्ड पंजीकरण, बिजली विभाग से जुड़ी समस्याएं, दाखिल-खारिज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए गए.
60 आवेदन हुए प्राप्त, 33 मामलों का तत्काल समाधान
सहयोग शिविर में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 33 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. वहीं शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द समाधान का निर्देश दिया गया.
प्रखंड विकास पदाधिकारी रितेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से प्रत्येक पंचायत में आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविर से आम लोगों को काफी सुविधा मिल रही है. अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से लोगों का समय और परेशानी दोनों कम हो रहे हैं.
30 दिनों के भीतर होगा आवेदनों का निपटारा
सांसद प्रतिनिधि ई. सतेंद्र सिंह ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है. वहीं प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि तय समय सीमा के अंदर कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का भी प्रावधान है.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर में जिला अवर निबंधक गोपेश कुमार, उप सचिव समाज कल्याण प्रियंका कुमारी, अंचल पदाधिकारी रुबीना गुप्ता, भाजपा जिला प्रवक्ता मदन कुमार सिंह, मुखिया विष्णु साह, छपरा मध्य मंडल अध्यक्ष संस्कार कुमार सहित प्रखंड स्तर के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










