छपरा में डॉक्टरों की हड़ताल से ओपीडी सेवा प्रभावित, सदर अस्पताल में इलाज के लिए भटके मरीज

Updated:
विज्ञापन

छपरा सदर अस्पताल

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ द्वारा बुलाई गई हड़ताल के कारण सारण जिले के सदर अस्पताल सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं. इसके चलते इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, कई बिना इलाज कराए लौट गए.

विज्ञापन

बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ द्वारा 22 जुलाई को राज्यभर में ओपीडी सेवाओं के बहिष्कार की घोषणा के बाद सारण जिले के सदर अस्पताल समेत विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं. सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को हुई. सुबह की पाली में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी प्रभावित रही और कई मरीज बिना इलाज कराए लौट गए.

विज्ञापन

वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद मरीजों को हुई परेशानी

अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के इलाज के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की थी, लेकिन चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के कारण अधिकांश मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी. अस्पताल परिसर में इलाज को लेकर लोगों की परेशानी साफ दिखाई दी.

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को जारी किए निर्देश

स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. उन्होंने अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी-सह-सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने और विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रखने के निर्देश दिए. इसके साथ ही पत्र की प्रति वरीय पुलिस अधीक्षक और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को भी समन्वयात्मक कार्रवाई के लिए भेजी गई.

अरवल की घटना के विरोध में डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन

बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ ने अरवल सदर अस्पताल में सिविल सर्जन के साथ हुई हिंसक घटना और कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में राज्यव्यापी ओपीडी बहिष्कार का निर्णय लिया. संघ का कहना है कि दोषियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चिकित्सकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है. संघ के अध्यक्ष डॉ. कैप्टन संजीव कुमार झा और महासचिव डॉ. रोहित कुमार ने स्पष्ट किया कि केवल ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार किया गया, जबकि इमरजेंसी और जीवनरक्षक सेवाएं पूर्ववत जारी रहीं.

जिला प्रशासन ने लोगों से की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है. आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. अस्पतालों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन