सारण: मढ़ौरा के सोमेश्वर धाम शिव मंदिर में बड़ी चोरी, साउंड मशीन और दानपेटी से हजारों रुपये ले गए चोर
मंदिर की दानपेटी को ताला तोड़ रुपए ले गए चोर
Someshwar Dham Shiv Mandir Theft: गौरा के सोमेश्वर धाम शिव मंदिर में चोरों ने रात में बड़ा हाथ मारा. मंदिर के ताले तोड़कर दानपेटी से हजारों रुपये और दो कीमती साउंड मशीनें चुरा ली गईं. घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है.
Someshwar Dham Shiv Mandir Theft: गौरा थाना क्षेत्र के सालिमपुर गांव स्थित बड़ा पोखड़ा पर बने सोमेश्वर धाम शिव मंदिर में बीती रात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया. चोरों ने मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दो कीमती साउंड मशीनें चुरा लीं. इसके अलावा मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे हजारों रुपये नगद भी लेकर फरार हो गए.
सुबह पूजा के लिए पहुंचे तो मिली चोरी की जानकारी
घटना की जानकारी बुधवार की सुबह पुजारी और ग्रामीणों को हुई. मंदिर में सामान बिखरा पड़ा था और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. दानपेटी का ताला भी टूटा मिला. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल गौरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद गौरा थाना पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने मंदिर परिसर के आसपास भी जांच की और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया.
घाट के पास मिला संदिग्ध सामान
जांच के दौरान पुलिस को पास के बाजार टोला घाट के समीप से पानी की बोतल, सिगरेट, चार डिस्पोजल ग्लास, नमकीन और एक गमछा बरामद होने की बात बतायी जा रही है. आशंका जतायी जा रही है कि चोरी के बाद अपराधियों ने कुछ समय के लिए उक्त स्थान पर सामान का इस्तेमाल किया होगा. हालांकि, बरामद सामान का चोरी की घटना से संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
दानपेटी से कितनी राशि चोरी हुई, स्पष्ट नहीं
मंदिर की दानपेटी में रखी रकम को लेकर फिलहाल कोई निश्चित आंकड़ा सामने नहीं आया है. ग्रामीणों के अनुसार दानपेटी में हजारों रुपये होने की संभावना है. पुलिस चोरी गये सामान और नगद राशि का आकलन करने में जुटी है.
श्रद्धालुओं में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सोमेश्वर धाम शिव मंदिर में चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने मंदिर और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में गौरा थानाध्यक्ष महम्मद आफताब खां ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











