सारण में सुबह सात बजे से कड़ी धूप, 36 डिग्री तापमान से बढ़ी परेशानी, दोपहर में बाजारों में सन्नाटा
धूप में कॉलेज जाती छात्राएं
Weather in Saran: सुबह सात बजे से ही निकल रही कड़ी धूप ने सारण में लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है. पिछले साल के विपरीत, इस वर्ष पारा कम होने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे स्वास्थ्य, कृषि और कारोबार पर भी बुरा असर पड़ रहा है.
Weather in Saran: सुबह सात बजे से ही निकल रही कड़ी धूप ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है. लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष जून-जुलाई से ही मानसून की बारिश शुरू हो गयी थी. इसके बाद पूरे जुलाई और अगस्त में बारिश का क्रम जारी रहा था, जिससे लोगों को काफी राहत मिली थी. हालांकि, इस वर्ष पारा कम होने का नाम नहीं ले रहा है.
चार दिन पहले हुई आंशिक बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दिलायी थी, लेकिन इसके बाद से अब तक बारिश नहीं हुई है. लगातार गर्मी और उमस का लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. वहीं कृषि, परिवहन और कारोबार पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है.
बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा. सुबह से ही तेज धूप निकल गयी थी. हालांकि, दोपहर बाद आसमान में बादल जरूर छाये, लेकिन बारिश नहीं हुई. शाम तक उमस और अधिक बढ़ गयी, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई. बार-बार मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है.
दोपहर में घरों से निकलने से परहेज कर रहे लोग
इस समय सुबह सात बजे से ही आसमान में कड़ी धूप निकल रही है. इससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. अधिकांश लोग सुबह के समय ही अपने जरूरी काम निपटाने की कोशिश कर रहे हैं.
ऐसे में शहर के लगभग सभी बाजारों में सुबह सात से नौ बजे के बीच भीड़ दिखाई दे रही है. वहीं दोपहर एक बजे से शाम चार बजे के बीच बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है. लोग दोपहर के समय तेज धूप से बचने के लिए घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं.
इसका असर दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है. वहीं, ग्रामीण इलाकों से भी अधिकतर खुदरा व्यापारी शहर की थोक मंडियों में नहीं पहुंच रहे हैं. इससे बाजार समिति, सरकारी बाजार, मौना समेत अन्य क्षेत्रों की मंडियों में कारोबार का ग्राफ कम हुआ है.
आंखों में जलन, पेट दर्द और बुखार से परेशान लोग
लगातार गर्मी और उमस के बीच लोगों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ रही हैं. कई लोग आंखों में जलन, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याओं से पीड़ित होकर चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं. मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत है.
गर्मी के कारण लोग बीमार भी पड़ रहे हैं. सदर अस्पताल के ओपीडी में सीजनल बीमारियों से पीड़ित मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. बुधवार को भी दोपहर एक बजे तक 321 मरीजों ने इलाज के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया. जिसमें 137 मरीज सीजनल बीमारी से ग्रस्त थे. इनमें से अधिकतर सर्दी, खांसी, बुखार व पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे थे. वहीं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे ने बताया कि गर्मी के कारण आंखों में जलन व अत्यधिक कमजोरी की शिकायत लेकर भी मरीज अस्पताल में इलाज के लिए आ रहे हैं. लोगों को गर्मी से बचाव का उचित सलाह देते हुए दवा उपलब्ध करायी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











