सारण: अगस्त में पांव पसार रहा वायरल फीवर, OPD में उमड़ रही भीड़; पढ़ें डेंगू-चिकनगुनिया से बचाव के उपाय
सादर अस्पताल के ओपीडी में जुटी मरीजों की भीड़
Viral Fever Patients: अगस्त में वायरल बुखार के मामलों में तेजी देखी जा रही है, जिससे लोगों में डेंगू जैसी बीमारियों को लेकर चिंता बढ़ गई है. हालांकि, अब तक की जांचों में किसी भी मरीज में डेंगू या मलेरिया के स्पष्ट लक्षण नहीं पाए गए हैं.
Viral Fever Patients: अगस्त महीने में सामान्य वायरल इंफेक्शन से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है. सदर अस्पताल के ओपीडी समेत शहर के विभिन्न निजी क्लीनिकों में बुखार और वायरल इंफेक्शन से पीड़ित मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. वायरल बुखार के मामले बढ़ने के साथ ही लोगों में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.
एक सप्ताह में 345 बुखार पीड़ितों ने कराया रजिस्ट्रेशन
सदर अस्पताल के ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में बुखार से पीड़ित 345 मरीजों ने इलाज के लिए रजिस्ट्रेशन कराया. इनमें 160 बच्चे शामिल हैं. चिकित्सकों ने ओपीडी में मरीजों की जांच के बाद उन्हें आवश्यक दवाएं दीं. हालांकि जांच के दौरान किसी भी मरीज में डेंगू या मलेरिया के लक्षण नहीं मिले हैं.
निजी क्लीनिकों में भी बढ़े बुखार के मरीज
शहर के विभिन्न निजी क्लीनिकों में भी सामान्य से अधिक बुखार वाले मरीज पहुंच रहे हैं. दारोगा राय चौक और नगरपालिका चौक के आसपास स्थित कुछ निजी अस्पतालों में पड़ताल के दौरान सामने आया कि हाल के दिनों में बुखार के मरीजों की संख्या जरूर बढ़ी है. हालांकि जांच में अब तक किसी मरीज में डेंगू के स्पष्ट लक्षण नहीं मिले हैं. कुछ मरीजों के सैंपल जांच के लिए पटना स्थित निजी जांच केंद्रों में भी भेजे गये हैं. रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी.
सदर अस्पताल के डेंगू वार्ड में अभी भर्ती नहीं है कोई मरीज
सदर अस्पताल की वैक्टर डिजीज कंट्रोल ऑफिसर सुमन कुमारी ने बताया कि अस्पताल के डेंगू वार्ड में फिलहाल कोई मरीज भर्ती नहीं है. राज्य स्वास्थ्य विभाग से पिछले सप्ताह मिली रिपोर्ट के अनुसार सारण के दो मरीज दूसरे जिलों में डेंगू से पीड़ित होकर इलाजरत हैं.
10 बेड का डेंगू वार्ड तैयार, 50 जांच किट उपलब्ध
सदर अस्पताल के प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि इमरजेंसी विभाग के ऊपर एक कमरे में डेंगू वार्ड तैयार किया गया है. वार्ड में 10 बेड 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखे गये हैं. फिलहाल डेंगू से पीड़ित कोई मरीज अस्पताल में नहीं आया है. इसके बावजूद एक चिकित्सक को डेंगू वार्ड के लिए हमेशा अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में फिलहाल 50 डेंगू जांच किट उपलब्ध हैं. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जांच किट भी उपलब्ध करायी जायेगी. पूरे जिले में डेंगू को लेकर मॉनिटरिंग की जा रही है. स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले बुखार पीड़ित मरीजों में डेंगू के संभावित लक्षण मिलने पर तत्काल जांच की जा रही है.
डेंगू और चिकनगुनिया के लक्षणों को पहचानना जरूरी
डेंगू और चिकनगुनिया संक्रमित एडीज मच्छर के काटने से फैलते हैं. यह मच्छर सामान्यतः दिन में काटता है और साफ पानी में पनपता है. तेज बुखार, बदन दर्द, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना, उल्टी, आंखों के पीछे दर्द और त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं.
गंभीर स्थिति में नाक और मसूड़ों से रक्तस्राव तथा काला मल आने जैसे लक्षण भी हो सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किये नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए.
डेंगू से बचाव के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- घर के आसपास साफ-सफाई रखें
- कूलर और गमले का पानी नियमित रूप से बदलें
- सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें
- दिन में मच्छर भगाने वाली क्रीम का प्रयोग करें
- पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनें
- कमरे की सफाई के साथ उसे हवादार रखें
- घर के आसपास गंदगी और पानी जमा नहीं होने दें
- खाली बर्तन और अन्य सामान में पानी जमा न होने दें
- जमा पानी में उचित तरीके से कीटनाशक का प्रयोग करें
- डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें
इसे भी पढ़ें: Bihar Prohibition Success Story: शराब ने छीना सब कुछ, जीविका दीदी की मदद और नशामुक्ति से यूं बदली ललन सिंह की जिंदगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










