सारण में 29 जुलाई को पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का होगा सम्मान, एक ही मंच पर मिलेगी कई सुविधाएं

Updated:
विज्ञापन
29 जुलाई को सारण में होगा ‘शौर्य संवाद सम्मेलन

छपरा जिले में 29 जुलाई को पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए शौर्य संवाद सम्मेलन का आयोजन हो रहा है. इस आयोजन में पेंशन, कानूनी व भूमि विवादों के समाधान के लिए विशेष सहायता काउंटर लगाए जाएंगे.

विज्ञापन

छपरा जिले के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके आश्रितों के सम्मान एवं कल्याण के लिए 29 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे से भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में शौर्य संवाद सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन वेटरंस ब्रांच हेडक्वार्टर झारखंड एवं बिहार सब एरिया के सौजन्य से बिहार रेजिमेंट सेंटर द्वारा किया जा रहा है.

पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का होगा सम्मान

सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मान देने के साथ उनकी समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान उपलब्ध कराना है. इस दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के वयोवृद्ध पूर्व सैनिकों, चयनित वीर नारियों तथा सेवा काल में दिवंगत सैनिकों की चयनित विधवाओं को सम्मानित किया जाएगा. साथ ही सेना और समाज के बीच संवाद को मजबूत करने का भी प्रयास होगा.

पेंशन, कानूनी और भूमि विवाद के लिए लगेंगे सहायता काउंटर

कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के विशेष सहायता काउंटर लगाए जाएंगे. इनमें स्पर्श केंद्र के माध्यम से पेंशन संबंधी मामलों का निस्तारण, सैनिक हेल्प डेस्क, विधिक सहायता केंद्र, राजस्व विभाग द्वारा भूमि विवादों का समाधान तथा जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.

अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल मनीष कुमार ने जिले के सभी पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, सैनिक आश्रितों और उनके परिवारों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन सैनिक परिवारों की समस्याओं के समाधान, सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा. कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, छपरा से प्राप्त की जा सकती है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन