सारण के नेवारी में श्रीरुद्र महायज्ञ और सलिमापुर में लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के लिए भव्य कलश यात्रा
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 18 May 2026 2:59 PM
भव्य कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Saran News: तरैया प्रखंड के नेवारी बाजार स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीरुद्र महायज्ञ के शुभारंभ पर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में 2100 महिलाएं एवं युवतियां कलश लेकर शामिल हुईं। शोभायात्रा नेवारी बाजार से होकर शिवमंदिर शाहनेवाजपुर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलभरी कराई गई। 23 मई को हनुमानजी की प्रतिमा की प्राणप्रतिष्ठा होगी।
Saran News: (मनोज कुमार की रिपोर्ट) सारण के तरैया प्रखंड क्षेत्र के नेवारी बाजार स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीरुद्र महायज्ञ के शुभारंभ पर सोमवार को भव्य कलश सह शोभायात्रा निकाली गई. कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खास आकर्षण यह रहा कि 2100 महिलाएं एवं युवतियां सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं.
यज्ञस्थल से निकली शोभायात्रा में बैंड-बाजे, हाथी-घोड़े तथा आधा दर्जन डीजे रथ शामिल थे. छोटे-छोटे बच्चों द्वारा विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरा नेवारी बाजार भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया.
कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीरुद्र महायज्ञ शुरू
कलश यात्रा यज्ञस्थल से शुरू होकर नेवारी बाजार, तरैया-मढ़ौरा एसएच-73 मुख्य मार्ग होते हुए प्रसिद्ध शिवमंदिर शाहनेवाजपुर पहुंची. वहां मंदिर परिसर स्थित कुएं से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जलभरी कराई गई. आचार्य नवल किशोर शास्त्री कर्मकांडी, सुनील शास्त्री बनारसी एवं सुमन पाठक ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया. कलश यात्रा के साथ ही नौ दिवसीय श्रीरुद्र महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया.
हनुमानजी की प्रतिमा की होगी प्राणप्रतिष्ठा
यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के दौरान 23 मई को हनुमानजी की प्रतिमा की प्राणप्रतिष्ठा भी की जाएगी. कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
सलिमापुर में भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ शुरू
मढ़ौरा प्रखंड के सलिमापुर पोखरा परिसर में सोमवार को सात दिवसीय ‘श्री लक्ष्मीनारायण 31 कुंडीय महायज्ञ’ का भव्य शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के पहले दिन विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चे शामिल हुए। पीले वस्त्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ और हाथी, घोड़े तथा बैंड-बाजे की धुनों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में बदल दिया।
मुख्य यजमान सुनील सिंह, जयनारायण सिंह, बबलू सिंह, संजय सिंह समेत कुल 21 यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जलभरी की। इसके बाद नगर भ्रमण करते हुए कलश को यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया। महायज्ञ संत स्वामी श्री सत्यनारायण दास जी महाराज के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जबकि मुख्य यज्ञाचार्य पंडित विजय शंकर पांडे हैं।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मीना बाजार और टावर झूला भी लगाया गया है। 24 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ महायज्ञ का समापन होगा।
ये भी पढ़ें:- योगी सरकार के मंत्रिमंडल में विस्तार, भूपेंद्र चौधरी, मनोज पाण्डेय समेत कई नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










