सारण: रक्षाबंधन पर डाक विभाग की पहल, राखी मेल स्पीड पोस्ट पर मिलेगी 10% छूट
प्रधान डाकघर छपरा
रक्षाबंधन पर अपनों को राखी भेजना हुआ और भी आसान! भारतीय डाक विभाग 'राखी मेल' सुविधा लाया है, जिससे आप स्पीड पोस्ट पर 10% छूट पा सकते हैं। यह विशेष पहल राखियों के सुरक्षित और समयबद्ध वितरण के लिए है।
सारण: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास के रिश्ते को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष पहल की है. डाक विभाग ने राखियों के सुरक्षित और समयबद्ध वितरण के लिए ‘राखी मेल’ सुविधा शुरू की है. इसके तहत स्पीड पोस्ट से राखी भेजने वाले ग्राहकों को डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी.
12 अगस्त से प्रभावी होगी सुविधा
डाक विभाग के अनुसार, यह विशेष सुविधा 12 अगस्त से प्रभावी होगी. इसके तहत अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी जाने वाली राखियों पर निर्धारित डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी.
ग्राहक अपने राखी युक्त स्पीड पोस्ट लिफाफे के सामने स्पष्ट रूप से ‘राखी मेल’ अंकित कर रेल डाक सेवा ‘यू’ मंडल छपरा के रेलवे स्टेशन स्थित बुकिंग काउंटर पर इसे बुक करा सकते हैं.
अधिकतम पांच राखी मेल पर मिलेगा लाभ
डाक विभाग ने बताया कि योजना के तहत एक ग्राहक अधिकतम पांच राखी मेल स्पीड पोस्ट लेखों पर विशेष छूट का लाभ उठा सकता है. विभाग ने राखियों के त्वरित प्रसंस्करण, विशेष प्रेषण और प्राथमिकता के आधार पर वितरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है.
50 ग्राम तक स्पीड पोस्ट शुल्क पर मिलेगी छूट
अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट के माध्यम से 50 ग्राम तक के दस्तावेज भेजने का मूल शुल्क स्थानीय क्षेत्र के लिए 19 रुपये और स्थानीय क्षेत्र से बाहर भेजने के लिए 47 रुपये निर्धारित है. राखी मेल योजना के तहत इसी निर्धारित शुल्क पर ग्राहकों को 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी.
समय पर राखी पहुंचाने की पहल
डाक विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन के मौके पर देश के किसी भी हिस्से से भेजी गई राखियां समय पर और सुरक्षित रूप से पहुंच सकें, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए अपनी राखियां समय से पहले बुक कराएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










