सारण: मढ़ौरा नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था सुधारने का निर्देश

बैठक में शामिल अधिकारी व नगर पार्षद | Prabhat Khabar Network
मढ़ौरा नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित सामान्य बोर्ड बैठक में वार्ड पार्षदों ने नगर के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की. पिछली बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि के साथ-साथ नई विकास योजनाओं का चयन भी किया गया.
सारण: नगर पंचायत मढ़ौरा कार्यालय में मंगलवार को सामान्य बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक में नगर पंचायत के अधिसंख्य वार्ड पार्षदों ने भाग लिया और अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा.
पिछली बैठक की कार्यवाही की हुई पुष्टि
बैठक में कुल आठ विषयों पर विचार-विमर्श किया जाना तय था. सबसे पहले पिछली बोर्ड बैठक की कार्यसूची और निर्णयों की समीक्षा की गई. इसके बाद उपस्थित सभी वार्ड पार्षदों ने सर्वसम्मति से पिछली बैठक के निर्णयों की पुष्टि की.
इसके साथ ही नगर के विकास को ध्यान में रखते हुए नई विकास योजनाओं के चयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई. वार्ड पार्षदों की सहमति के बाद कई योजनाओं को सर्वसम्मति से पारित किया गया.
सफाई, नाला उड़ाही और सड़क-पुल की समस्याओं पर चर्चा
बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए. सफाई कर्मियों की कार्यशैली में सुधार और नियमित निगरानी की मांग की गई. इसके अलावा सड़क, पुल और नाला उड़ाही के कार्यों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई.
वार्ड पार्षदों ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की नियमित सफाई जरूरी है, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके.
वाटर एटीएम और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठा
बैठक में नगर क्षेत्र में लगाए गए वाटर एटीएम मशीन के बार-बार खराब होने का मुद्दा भी उठाया गया. पार्षदों ने मशीनों की मरम्मत और नियमित रखरखाव की मांग की.
वहीं शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने पर भी चर्चा हुई. पार्षदों ने कहा कि खराब स्ट्रीट लाइट के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
क्या कहते हैं अधिकारी
नगर पंचायत मढ़ौरा के कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र ने बताया कि सामान्य बोर्ड की बैठक में अधिसंख्य वार्ड पार्षद शामिल हुए. बैठक में पिछली बैठक की पुष्टि के साथ नई विकास योजनाओं के चयन पर चर्चा की गई.
उन्होंने बताया कि सभी सदस्यों की सहमति से विकास योजनाओं को पारित किया गया है. नगर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










