saran news : मांझी के युवक की ओडिशा में पीट-पीटकर हत्या

saran news : ट्रेन से उतारकर लोहे की रॉड से किया हमला, शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंका
saran news : मांझी. प्रखंड स्थित ड्यूमाईगढ़ गांव के एक युवक की ओडिशा में पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. अज्ञात हमलावरों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक के समीप फेंक दिया. मृतक की पहचान ड्यूमाईगढ़ निवासी इमाम रजा के 30 वर्षीय पुत्र मो मुस्तफा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मो. मुस्तफा अपने रिश्तेदारों के साथ मजदूरी के लिए चेन्नई गया था. कुछ दिनों बाद किसी बात पर अनबन होने के कारण वह 29 अप्रैल को अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान ओडिशा के मारकोना स्टेशन पर अज्ञात लोगों ने उसे ट्रेन से उतार लिया. लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गयी. घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के लगभग दो दिन बाद जीआरपीएफ ने परिजनों को इसकी सूचना दी. इसके बाद परिजन और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंचे. पोस्टमार्टम के बाद रविवार को एम्बुलेंस से शव गांव लाया गया. शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की शादी महज तीन साल पहले हुई थी और वह दो छोटे बच्चों का पिता था. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक के परिजनों ने बताया कि उसकी बुआ के बेटे ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी. मृतक के चचेरे भाई मो अमन ने बताया कि जब उन्होंने मुस्तफा को फोन किया तो वह काफी डरा हुआ था. परिजनों ने उसे ढांढस बंधाया कि गांव आ जाओ, कुछ नहीं होगा. कुछ घंटों बाद मुस्तफा ने दोबारा फोन कर बताया कि कुछ लोग मारकोना स्टेशन पर उसका पीछा कर रहे हैं और वह भाग रहा है. इतना कहने के बाद उसका फोन कट गया और बंद बताने लगा. इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, जिसके बाद ओडिशा जीआरपी द्वारा शव मिलने की सूचना दी गयी. इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि एक युवक की हत्या की बात सामने आयी है, मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










