सारण में 5 घंटे का ब्लैकआउट, उमस भरी गर्मी में बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित

Saran News: सारण शहर में बुधवार को अचानक 5 घंटे बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई. उमस भरी गर्मी में आम से लेकर खास तक परेशान रहे. त्योहारी सीजन से पहले बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठ रही है.
Saran News: शहरवासियों के लिए बुधवार की सुबह "बैड मॉर्निंग" साबित हुई. उमस भरी गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. सुबह 6 बजे से लगभग 11 बजे तक बिजली गुल रहने से आम लोगों के साथ-साथ वीआईपी इलाकों के निवासी भी परेशान रहे. बिजली नहीं रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई और कई घरों में बच्चों का टिफिन तक तैयार नहीं हो सका.
वीआईपी इलाकों समेत आधे शहर में रहा ब्लैकआउट
बिजली बाधित होने वाले क्षेत्रों में राजेंद्र स्टेडियम, डीआईजी आवास, सर्किट हाउस के पीछे का इलाका, साहेबगंज, भगवान बाजार, गुदरी बाजार, काशी बाजार, राणा प्रताप नगर, मलखाना चौक, श्रीनंदन पथ, नई बाजार मार्ग सहित पश्चिमी और पूर्वी छपरा शहर के कई मोहल्ले शामिल रहे. करीब पांच घंटे तक बिजली नहीं रहने से हजारों उपभोक्ता प्रभावित हुए.
सब स्टेशन में फॉल्ट बना बिजली संकट की वजह
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब छह बजे सब स्टेशन में अचानक फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई. तकनीकी खराबी दूर करने के बाद बिजली आपूर्ति धीरे-धीरे बहाल की गई. हालांकि कई इलाकों में बिजली सामान्य होने में लगभग 11 बजे तक का समय लग गया.
उमस और गर्मी ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
बिजली नहीं रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से कई घरों में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई. स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए समय पर भोजन और टिफिन तैयार नहीं हो सका. वहीं कार्यालय जाने वाले लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित रही.
त्योहारी सीजन को लेकर बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मानसून के दौरान ही बिजली व्यवस्था का यह हाल है, तो आने वाले सावन, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है. लोगों ने बिजली विभाग से ग्रिड और सब स्टेशन की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.
उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी
मिर्चइया टोला निवासी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सुबह छह बजे बिजली चली गई और 11 बजे के बाद आई. इससे पूरी दिनचर्या प्रभावित हो गई और समय पर कार्यालय भी नहीं जा सके.
दौलतगंज निवासी शत्रुघ्न पांडे ने कहा कि अभी से यह स्थिति है तो त्योहारों के समय लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी. बिजली विभाग को पहले से तैयारी करनी चाहिए.
साहेबगंज निवासी सनी गुप्ता ने कहा कि उपभोक्ताओं से समय पर बिल वसूला जाता है, लेकिन नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है.
भगवान बाजार निवासी सुलेखा पांडे ने बताया कि बिजली नहीं रहने से पानी की समस्या हो गई और बच्चों का टिफिन भी तैयार नहीं हो सका.
क्या बोले अधिकारी
छपरा पश्चिम के सहायक विद्युत अभियंता धीरज कुमार ने बताया कि सब स्टेशन में अचानक तकनीकी फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी. खराबी दूर करने के बाद सुबह 10 बजे के बाद आपूर्ति सामान्य कर दी गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










