छपरा के दिघवारा में बेकाबू स्कार्पियो ने बाइक सवारों को रौंदा, मासूम की मौत से पसरा मातम

Published by :Aditya Kumar Ravi
Published at :11 May 2026 3:56 PM (IST)
विज्ञापन
टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त स्कार्पियो

टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त स्कार्पियो

छपरा-हाजीपुर फोरलेन पर काल बनी रफ्तार: दिघवारा में बेकाबू स्कार्पियो ने मासूम को रौंदा, घर की खुशियां मातम में बदलीं. खरीदारी कर लौट रहे भाई-बहन हुए भीषण हादसे का शिकार, इलाके में शोक की लहर.

विज्ञापन

Saran News (दिघवारा से अमित कुमार): छपरा-हाजीपुर फोरलेन सड़क पर सोमवार की दोपहर उस समय मातम पसर गया, जब रफ्तार के जुनून ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. दिघवारा थाना क्षेत्र के मधुकॉन चौक के समीप एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक 8 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कार्पियो का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

श्राद्ध के सामान के साथ लौट रहे थे घर, रास्ते में मिली मौत

मृतक की पहचान दरियापुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव निवासी यदु राय की पुत्री सोनाली कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सोनाली अपने बड़े भाई बिल्लू कुमार और 5 वर्षीय भांजे प्रीतम कुमार के साथ दिघवारा बाजार से खरीदारी कर लौट रही थी. परिवार में एक श्राद्ध कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं और तीनों उसी सिलसिले में रामपुर जा रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक मधुकॉन मोड़ के पास पहुंची, छपरा की दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. अनियंत्रित वाहन ने बाइक को टक्कर मारते हुए सवारों को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई.

हादसे के बाद घंटों मची रही अफरा-तफरी, अस्पताल में चल रहा इलाज

सड़क पर लहूलुहान पड़े घायलों को देख स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम सोनाली को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल बिल्लू और प्रीतम की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद आक्रोशित भीड़ और सड़क पर पड़े शव के कारण हाईवे के एक लेन पर करीब आधे घंटे तक परिचालन ठप रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

पुलिस की कार्रवाई और वाहनों की जप्ती

हादसे की सूचना मिलते ही दिघवारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया. पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बाइक और अनियंत्रित स्कार्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है.

Also Read: Kaimur News: कैमूर में सड़क हादसे में युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, हायर सेंटर रेफर

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Aditya Kumar Ravi is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन