सारण में अजीबोगरीब शादी: पहले पति ने मिटाया सिंदूर फिर दूसरे ने भर दी मांग

Updated:
विज्ञापन
saran news

अपने प्रेमी के साथ महिला ने शादी रचाई

Saran News: सारण में एक अजीबोगरीब शादी देखने को मिला. चार बच्चों की मां की शादी किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने ही पति ने पूरी रजामंदी से उसके प्रेमी के साथ कराई। महिला का अपने पति के ही दोस्त के साथ पिछले 14 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस शादी में पहले पति ने महिला का सिंदूर मिटाया फिर दूसरे ने उसकी मांग में सिंदूर भर दी.

विज्ञापन

Saran News: (मनोकामना सिंह की रिपोर्ट) मढ़ौरा प्रखंड व थाना क्षेत्र के बहुआरा पट्टी गांव में शुक्रवार को हुई एक अजीबोगरीब शादी पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों और नजदीकी रिश्तेदारों की मौजूदगी में गांव के मंदिर परिसर में यह विवाह संपन्न हुआ। हैरान करने वाली बात यह है कि चार बच्चों की मां की यह शादी किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने ही पति ने पूरी रजामंदी से उसके प्रेमी के साथ कराई। महिला का अपने पति के ही दोस्त के साथ पिछले 14 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

​दोस्ती के बीच उपजा 14 साल का प्रेम

जानकारी के अनुसार मढ़ौरा प्रखंड के बहुआरापट्टी निवासी अनूप राम अपनी पत्नी ज्योति देवी (32 वर्ष) के साथ आसनसोल में रहता था। इसी दौरान आसनसोल में ही रह रहे गांव के दोस्त राजेश कुमार का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ। धीरे-धीरे राजेश और ज्योति के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों में प्रेम हो गया। बीते कुछ समय से प्रेमी गांव पहुंचकर महिला के साथ रहने लगा था। जब इस प्रेम संबंध की भनक परिजनों और ग्रामीणों को लगी, तो मामला पंचायत और थाने तक पहुंच गया। अंततः सामाजिक पहल, ग्रामीणों और पति की आपसी सहमति के बाद ग्राम कचहरी के समीप मंदिर में दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया।

यह शादी पूरे क्षेत्र में बना चर्चा का विषय

शादी के दौरान भगवती मंदिर में एक बेहद अजीबोगरीब रस्म देखने को मिली। विवाह की रस्में पूरी करने के दौरान पहले पति अनूप राम ने अपनी पत्नी की मांग में भरा पुराना सिंदूर खुद अपने हाथों से धोकर मिटाया। इसके बाद नए पति (प्रेमी) राजेश कुमार ने ज्योति की मांग में फिर से सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी स्वीकार किया। तरैया के देवरिया मायके वाली ज्योति की यह दूसरी शादी पूरे क्षेत्र में टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई है।

​मां की ममता से दूर हुए बच्चे, नाराज मां ने चप्पलों से पीटा

​इस पूरी शादी के दौरान मंदिर परिसर में भावुक और हाई-वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला। एक तरफ जहां महिला के चारों बच्चे (तीन भाई और एक बहन) बेबसी से अपनी मां को किसी और से शादी करते देख रहे थे, वहीं अब ये चारों बच्चे अपनी मां की ममता से दूर होकर अपने पिता के साथ रहने को मजबूर हैं। ​दूसरी ओर, बेटी के इस कदम से ज्योति की मां बेहद नाराज दिखीं। शादी की रस्म खत्म होते ही बुजुर्ग मां का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सरेआम अपनी बेटी और दामाद बने उसके प्रेमी राजेश को चप्पलों से पीटकर अपना आक्रोश जताया।

Also read: हाजीपुर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट; 6 से अधिक घायल


विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन