सोनपुर में हाइवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, उग्र भीड़ ने ट्रक को फूंका

सोनपुर थाना क्षेत्र के शिकारपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.
सोनपुर. सोनपुर थाना क्षेत्र के शिकारपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कानून हाथ में लेते हुए टक्कर मारने वाले हाइवा को आग के हवाले कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और घंटों तक आवागमन बाधित रहा. वहीं मृतक की पहचान टरवा निवासी प्रमोद साह के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रमोद अपने काम से वापस घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक वाहन के पहियों के नीचे आ गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा. हादसे की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी. बेकाबू रफ्तार और युवक की मौत से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दुर्घटनास्थल पर खड़े हाइवा में आग लगा दी. धू-धू कर जलते वाहन और सड़क पर उतरी भीड़ के कारण शिकारपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने उग्र भीड़ को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आक्रोश शांत कराया. दमकल की मदद से वाहन में लगी आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




