छपरा विस क्षेत्र की मतगणना 23 चक्रों में होगी पूरी

Updated at : 21 May 2019 7:36 AM (IST)
विज्ञापन
छपरा विस क्षेत्र की मतगणना 23 चक्रों में होगी पूरी

छपरा : 23 मई को सारण तथा महाराजगंज संसदीय क्षेत्र के मतों की गणना के दौरान कोई भी पदाधिकारी, पर्यवेक्षक, मतगणनाकर्मी, मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर मतगणना कक्ष में नहीं जायेंगे. मतगणना कार्य पूरी शुचिता के साथ किया जायेगा. ये बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष […]

विज्ञापन

छपरा : 23 मई को सारण तथा महाराजगंज संसदीय क्षेत्र के मतों की गणना के दौरान कोई भी पदाधिकारी, पर्यवेक्षक, मतगणनाकर्मी, मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर मतगणना कक्ष में नहीं जायेंगे. मतगणना कार्य पूरी शुचिता के साथ किया जायेगा. ये बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी के टेबल पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पर्यवेक्षक, सहायक एवं कार्यपालक सहायक के मतगणना संबंधित प्रशिक्षण के दौरान कहीं.

इस दौरान डीएम ने 19 महाराजगंज तथा 20 सारण संसदीय क्षेत्र के मतगणना के संबंध में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतगणना की विभिन्न पहलुओं को बड़ी बारीकी से बताया. दो सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रथम सत्र में सारण लोकसभा तथा द्वितीय सत्र में महाराजगंज लोकसभा के मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया.
डीएम ने कहा कि सभी कर्मी निर्धारित समय छह बजे प्रात: से मतगणना कक्ष में प्रवेश करेंगे. मतगणना का कार्य आठ बजे प्रारंभ होगा. इसके पूर्व प्रेक्षक एवं अभ्यर्थी-निर्वाचनकर्ता अभिकर्ता की उपस्थिति में 7.30 बजे वज्रगृह खोला जायेगा, जहां से प्रत्येक चक्र की गणना के लिए इवीएम का कंट्रोल यूनिट निकाला जायेगा तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी जायेगी.
मतगणना कार्य विधानसभावार चक्रवार कराया जायेगा. 118 छपरा विधानसभा की गणना सबसे अधिक 23 चक्रों में पूरी होगी. प्रत्येक चक्र की गणना के बाद उस चक्र का परिणाम घोषित किया जायेगा. प्रत्येक विधानसभा सेगमेंट की मतगणना के लिए 14-14 टेबुल लगाये जायेंगे.
किस बूथ की गणना कौन से टेबल पर होगी. इसकी तैयारी कर ली गयी है. मतगणना की सूची का रैंडमाइजेशन 23 मई को ही सुबह पांच बजे किया जायेगा तथा मतगणना कर्मियों को बताया जायेगा कि किस टेबुल की मतगणना करनी है. मतगणना के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जायेगी और यह कार्य मतगणना अभिकर्ता के समक्ष संपन्न कराया जायेगा.
मतगणना अभिकर्ता जिस टेबल के लिए नियुक्त होंगे, उन्हें टेबुल या दूसरे विधानसभा क्षेत्र में जाने की इजाजत नहीं होगी. मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के आदेश का अनुपालन कराया जायेगा. मीडिया के लोगों को मतगणना संबंधित अद्यतन जानकारी देने के लिए मतगणना स्थल पर मीडिया सेंटर बनाया जायेगा जहां मतगणना का रुझान प्राप्त होगा.
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच वीवी पैट की पर्चियों की होगी गणना
आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा में पांच-पांच विवि पैट की पर्चियों की गणना कर मिलान कराया जायेगा. वीवी पैट का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जायेगा. इस अवसर पर डीएम के अलावा अपर समाहर्ता सारण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी अरुण कुमार, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी सहित आरओ, एआरओ, टेबुल पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, मतगणना पर्यवेक्षक, सहायक एवं कार्यपालक सहायक उपस्थित थे.
आठ सौ मतगणनाकर्मियों को दिया गया प्रथम प्रशिक्षण
छपरा : 23 मई को सारण तथा महाराजगंज संसदीय क्षेत्र के कुल 12 विधानसभा क्षेत्रों के विधानसभावार इवीएम वीवी पैट से मतों की गणना को ले डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर दो पालियों में आठ सौ मतगणनाकर्मियों का प्रशिक्षण दिया गया.
शहर के एलएनबी उच्च विद्यालय में आयोजित दोनों पालियों में प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह समग्र शिक्षा के डीपीओ अमरेंद्र कुमार गौड़ के अनुसार प्रशिक्षण केंद्र पर प्रभारी पदाधिकारी के रूप में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक राकेश कुमार की तैनाती की गयी थी.
प्रशिक्षण के दौरान सभी मतगणनाकर्मियों को कक्षावार मतगणना की विभिन्न पहलुओं को बारीकी से बताया गया, जिससे मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की गलतफहमी नहीं हो. मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से मतगणना प्रारंभ होने से लेकर मतगणना समाप्ति तक विभिन्न टेबुल पर किये जाने वाले कार्यों तथा उनके करने की तरीकों को बताया गया.
दोनों पालियों में 99 फीसदी मतगणनाकर्मी व पर्यवेक्षक उपस्थित थे. प्रशिक्षण को लेकर डीएम के निर्देश के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां की गयी थीं. दूसरा प्रशिक्षण 22 मई को एलएनबी उच्च विद्यालय परिसर में ही होगा. इस दौरान महिला प्रसार पदाधिकारी मीरा शर्मा, नीलम कुमारी आदि को प्रशिक्षण व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गयी थी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन