ePaper

डबल डेकर फ्लाई ओवर का CM नीतीश ने रखी आधारशिला

Updated at : 11 Jul 2018 2:19 PM (IST)
विज्ञापन
डबल डेकर फ्लाई ओवर का CM नीतीश ने रखी आधारशिला

सारण : बिहार के पहले और देश के सबसे लंबे डबल डेकर फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज छपरा में आधारशिला रखी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री नेछपरा-गोपालगंज के बीच नवनिर्मित स्टेट हाईवे काे भी जनता को समर्पित किया. मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, स्वास्थ्य मंत्री सह सारण […]

विज्ञापन

सारण : बिहार के पहले और देश के सबसे लंबे डबल डेकर फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज छपरा में आधारशिला रखी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री नेछपरा-गोपालगंज के बीच नवनिर्मित स्टेट हाईवे काे भी जनता को समर्पित किया. मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, स्वास्थ्य मंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय, स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, गोपालगंज सांसद जनक चमार सहित कई विभागीय सचिव,अधिकारी मौजूद रहे. छपरा के गांधी चौक से नगरपालिका चौक के बीच यह फ्लाईओवर बनेगा. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की देखरेख में बनने वाले इस फ्लाईओवर का निर्माण अगले 4 वर्षों (2022 तक) के भीतर पूरा कर लिया जायेगा.

इस डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण पर 411 करोड़ रुपये खर्च होंगे. डबल डेकर फ्लाईओवर के सबसे ऊपर के हिस्से पर चढ़ने के लिए रैंप भिखारी ठाकुर चौक से गांधी चौक की ओर होगा. इस पर एवीएस स्कूल के समीप से चढ़ा जा सकेगा. इससे गांधी चौक एवं नगरपालिका चौक होते हुए बस स्टैंड तक जाया जा सकेगा. इससे सीवान की ओर से आने वाले वाहन भिखारी ठाकुर चौक होते हुए आरा, हाजीपुर और पटना जाने के लिए निकल जायेंगे.

वहीं, फ्लाईओवर के नीचे के डेक का रैंप पुलिस केंद्र स्थित मंदिर के निकट से शुरू होगा. यह 2500 मीटर लंबा होगा. इस डेक का इस्तेमाल कर गांधी चौक और नगरपालिका चौक होते हुए राजेंद्र सरोवर के निकट आना संभव हो सकेगा. आरा, हाजीपुर और पटना की ओर से आने वाले वाहन इसका इस्तेमाल छपरा समाहरणालय, बस स्टैंड और सीवान की ओर जाने के लिए कर पायेंगे.

डबल डेकर फ्लाईओवर से मुजफ्फरपुर की ओर जाने के लिए एक अलग रैंप बनेगा. गांधी चौक पर निचले डेक से एक 300 मीटर लंबा डेक निकलेगा, जिसका इस्तेमाल गड़खा होते हुए मुजफ्फरपुर की ओर जाने के लिए किया जा सकेगा.

बताते चले कि देश में अब तक का सबसे लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर मुंबई में है. यह 1.8 किमी लंबा है, जबकि छपरा में बन रहा डबल डेकर फ्लाइओवर करीब 3.5 किमी होगा. इसकी चौड़ाई 5.5 मीटर होगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन