शहाबुद्दीन को संरक्षण देने वाले दंगों पर मुंह न खोलवायें, सम्राट चौधरी का लालू यादव पर तीखा हमला
Published by : Prashant Tiwari Updated At : 24 Oct 2024 6:45 AM
Bihar Politics : बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने राजद प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव पर काफी तीखा हमला बोला हैं.
बिहार में विधानसभा चुनाव में यूं तो अभी एक साल का समय है लेकिन सूबे के बड़े नेता अभी से हमलावर हैं. बुधवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के 15 साल के राज में न केवल बिहार में सांप्रदायिक दंगे हुए, बल्कि जातीय दंगे और नरसंहारों की आग में भी राज्य जलता रहा. वे राजनीतिक कारणों से दंगाइयों के किसी न किसी वर्ग को संरक्षण भी देते रहे हैं. अब जनाधार खिसकने से हताश लालू प्रसाद अल्पसंख्यकों को भाजपा का भय दिखा रहे हैं.

सीतामढ़ी का दंगा आज भी कोई नहीं भूला- डिप्टी सीएम
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लालू राज में सीतामढ़ी का वह भीषण दंगा आज भी लोग नहीं भूले हैं, जिसमें सैंकड़ों लोग घायल हुए और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ था. 1992 में वहां दो समुदायों के बीच हिंसा भड़की और 65 लोग मारे गए थे. लालू प्रसाद दंगा क्यों नहीं रोक पाए? राबड़ी देवी के शासनकाल में बिहारशरीफ भी दंगों की आग में जला था.
राज्य सरकार दंगाइयों पर कड़ी नजर रखती है
उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जब तक एनडीए की सरकार है, सांप्रदायिकता, अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति कायम रहेगी. राज्य सरकार दंगाइयों पर कड़ी नजर रखती है. इसकी चिंता लालू प्रसाद नहीं करें.

शहाबुद्दीन को संरक्षण देने वाले…
चौधरी ने कहा कि जिन लोगों ने भागलपुर दंगा, सीवान के आतंक शहाबुद्दीन को संरक्षण दिया, वे किस मुंह से दंगों को लेकर बयान दे रहे हैं? उन्होंने कहा कि राजद की जमीन खिसक गयी है. वे लोकसभा में केवल चार सीट जीत पाये, इसलिए लालू परिवार अल्पसंख्यकों को भाजपा का भय दिखा कर वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prashant Tiwari
प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










