बाइक मिली लावारिस, खून के निशान का पीछा करते खेत पहुंचे परिजन तो मिला युवक का शव

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते लोग | Prabhat Khabar Network

25 वर्षीय भिखारी सदा का शव गंगोली के एक धान के खेत में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। शरीर पर चोटों के निशान और गले में गमछा कसा हुआ मिलने से परिजनों ने भूमि विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया है।

विज्ञापन

Vibhutipur News: थाना क्षेत्र के गंगोली मुसहरी वार्ड नंबर 4 निवासी 25 वर्षीय भिखारी सदा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है. उनका शव गंगोली उच्च विद्यालय के पास से करीब 500 फुट दूर श्रीचंद महतो की गाछी के समीप धान के खेत में मिला. घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ गंगोली चौक पर सड़क जाम कर दिया. करीब चार घंटे तक खोकसाहा-बेगूसराय पथ पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा. बाद में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा की पहल पर जाम समाप्त कराया गया.

खून के निशान का पीछा करते खेत पहुंचे परिजन

मृतक की पत्नी रविता देवी की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 16 अगस्त को भिखारी सदा गांव के ही महेश सदा व अन्य ग्रामीणों के साथ बसुहारी कराने मुजफ्फरपुर गये थे. रात करीब आठ बजे लौटने के दौरान वह गंगोली स्थित सोना चौक पर उतर गये.

पत्नी से फोन पर बात करने के बाद वह पैदल घर के लिए निकले. रात करीब नौ बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान गंगोली उच्च विद्यालय के पास सड़क किनारे उनकी बाइक लावारिस हालत में मिली.

बाइक से कुछ दूरी पर सड़क पर खून के निशान मिले. परिजन खून के निशान का पीछा करते हुए करीब 500 फुट दूर श्रीचंद महतो की गाछी के पास छन्नू मिश्रा के धान के खेत में पहुंचे. वहां भिखारी सदा का शव खून से लथपथ पड़ा मिला.

फोटो संख्या : 6 रोते-बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
रोते-बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

शरीर पर चोट के निशान, गले में कसा था गमछा

प्राथमिकी के अनुसार, मृतक के शरीर पर कई जगह चोट और जख्म के निशान थे. वह केवल अंडरवियर में था. कान और नाक से खून निकल रहा था. कोहनी ढीली थी, जबकि पेट और पैर पर चोट व छिलने के निशान बताये गये हैं. गले में गमछा कसा हुआ था.

मृतक की पत्नी ने प्राथमिकी में आशंका जतायी है कि भूमि विवाद को लेकर धर्मचंद सदा, उनके पुत्र धर्मेंद्र सदा और अन्य अज्ञात लोगों ने मिलकर उनके पति के साथ मारपीट की. आरोप है कि गमछे से गला घोंटकर हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को खेत में फेंक दिया गया.

फोटो संख्या : 5 मौके पर पहुंची पुलिस  | Prabhat Khabar Network
मौके पर पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network

हालांकि, हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है.

भूमि विवाद को लेकर पहले से चल रहा था विवाद

रविता देवी ने प्राथमिकी में बताया है कि धर्मचंद सदा के साथ उनके पति का पूर्व से भूमि विवाद चल रहा था. इसी विवाद को घटना से जोड़कर हत्या की आशंका जतायी गयी है.

घटना के बाद स्थानीय मुखिया मनोज कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गंगोली चौक पर शव के साथ प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया. इस दौरान करीब चार घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है. पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी जब्त की है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की पूरी स्थिति और मौत के कारण के संबंध में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें

सरायरंजन के गैस गोदाम से आधा दर्जन सिलेंडर चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात


विज्ञापन
Krishan Mohan Pathak

लेखक के बारे में

By Krishan Mohan Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन