शिक्षक नहीं आते, फीस ज्यादा है या रिजल्ट अटका? 25 अगस्त से छात्रों की हर शिकायत सुनेगी सरकार
बिहार सरकार राज्य के लाखों छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए 25 अगस्त 2026 से 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन करेगी. स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और अन्य शिक्षण संस्थानों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष पोर्टल भी लॉन्च किया गया है.
Bihar Education News: बिहार सरकार ने राज्य के लाखों छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए नई पहल शुरू की है. सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल की ओर से जारी आदेश के अनुसार पश्चिम चंपारण समेत राज्य के सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों में हर माह के चतुर्थ मंगलवार को "विद्यार्थी सहयोग शिविर" आयोजित किया जाएगा. इसकी शुरुआत 25 अगस्त 2026 से होगी.
स्कूल-कॉलेज से छात्रावास तक लगेगा शिविर
विद्यार्थी सहयोग शिविर विश्वविद्यालयों, अंगीभूत महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, पॉलीटेक्निक, आईटीआई, पारा-मेडिकल और माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित होंगे. इसके अलावा सिमुलतला आवासीय विद्यालय, पिछड़ा-अति पिछड़ा, एससी-एसटी और अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावासों तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है.
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज होगी शिकायत
सरकार ने विद्यार्थियों की शिकायतों के लिए "विद्यार्थी सहयोग पोर्टल" तैयार किया है. बोनाफाइड छात्र-छात्राएं इस पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्याएं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सुझाव दर्ज करा सकेंगे.
शिकायतों में समय पर कक्षा नहीं होना, शिक्षक-शिक्षिकाओं की अनुपस्थिति, परीक्षा परिणाम में देरी, अवैध फीस वसूली, बिजली-पेयजल की कमी, शौचालय, प्रयोगशाला और पुस्तकालय की बदहाल स्थिति जैसी समस्याएं शामिल होंगी.
कैंटीन और हॉस्टल की समस्याएं भी होंगी दर्ज
विद्यार्थी सहयोग शिविर में कैंटीन, हॉस्टल और शिक्षण संस्थानों की अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी दर्ज की जा सकेंगी. छात्र-छात्राएं शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने सुझाव भी दे सकेंगे.
हर शिविर में कियोस्क और नोडल पदाधिकारी होंगे तैनात
शिविर स्थल पर कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट की सुविधा से लैस कियोस्क उपलब्ध रहेगा. इसके अलावा शिकायतों को दर्ज करने और उनके निष्पादन की निगरानी के लिए नोडल पदाधिकारी की तैनाती की जाएगी.
30 दिनों में होगा शिकायतों का अंतिम निस्तारण
सरकार के निर्देश के अनुसार विद्यार्थियों की शिकायतों का अंतिम निस्तारण अधिकतम 30 दिनों में किया जाएगा. इसके लिए L-1, L-2 और L-3 स्तर की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
जो शिकायतें निर्धारित प्रक्रिया के बाद भी पोर्टल पर लंबित रहेंगी, उन्हें हर माह के द्वितीय मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर के राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में सुना जाएगा.
21 अगस्त को होगा जिला स्तरीय प्रशिक्षण
विद्यार्थी सहयोग शिविर के प्रभावी संचालन के लिए 21 अगस्त को जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा. इसमें संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को शिविर संचालन, शिकायतों के पंजीकरण और समयबद्ध समाधान की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: परीक्षा फॉर्म भरना है तो 1200 रुपये तैयार रखें, 600 रुपये डिग्री सर्टिफिकेट के भी देने होंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









