Samastipur News:इंद्रवारा के वार्ड छह में चार साल से नहीं हो रही जलापूर्ति

प्रखंड क्षेत्र के इंद्रवारा पंचायत के वार्ड 6 के सैकड़ों लोग पीने के पानी के लिए गत 4 सालों से तरस रहे हैं.
Samastipur News:मोरवा : प्रखंड क्षेत्र के इंद्रवारा पंचायत के वार्ड 6 के सैकड़ों लोग पीने के पानी के लिए गत 4 सालों से तरस रहे हैं. करीब 25 लाख की लागत से बने जल मीनार और बनाये गये नल-जल पाइपलाइन से लोगों को लाभ नहीं मिल रहा है. बार-बार शिकायत की जाती है लेकिन विभागीय अधिकारी की उदासीनता की वजह से लोग पानी को लेकर परेशान हो रहे हैं. शुक्रवार को बड़े पैमाने पर लोगों ने हाथ में बाल्टी लेकर गुस्से का इजहार किया. लोगों का कहना था कि सात निश्चय के तहत वार्ड 6 में नल जल का निर्माण हुआ. लोगों के घर तक पानी पहुंचाने की कवायद शुरू हुई. लेकिन अधिकारियों की उदासीनता की वजह से वार्ड 6 के लोग पानी से वंचित रह गये. इसी तरह वार्ड पांच में भी कई जगहों पर नल-जल के पाइप फूट होने के कारण सड़कों पर पानी बह रहा है. लेकिन विभाग के लोग इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे. पूर्व मुखिया देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मरम्मत के नाम पर वार्ड सदस्य ने प्रति घर से तीन सौ वसूल लिये लेकिन इस तरफ पहल नहीं हुई. कई बार स्थानीय जेई से लेकर पटना के विभागीय अधिकारियों तक शिकायतें दर्ज कराई गई. लेकिन लोगों की समस्या दूर नहीं हुई. एक-दो बार मिस्त्री को भेज कर समस्या को दूर करने का प्रयास भी किया गया लेकिन मिस्त्री की लापरवाही की वजह से समस्या दूर नहीं हुई. गड्ढा कहीं खोदना था वह खोद कर कहीं और चला गया. लेकिन समस्या वही का वहीं बनी है. सरकार के द्वारा तो लगातार हर घर पानी देने की वादे किये जाते रहे हैं लेकिन वह वादा धरातल पर नहीं उतर रहा है. शादी-विवाह एवं बड़े कार्य फंक्शन में पानी के लिए लोगों को वैकल्पिक सहारा लेना पड़ता है. लोग खरीद कर पानी पीने को विवश है लेकिन पानी की उपलब्धता की ओर ध्यान नहीं देने से यह स्थिति लगातार बढ़ रही है. महिलाओं ने बताया कि खाना बनाने से लेकर पीने के पानी तक लोगों को काफी मुश्किल से गुजारा करना पड़ता है क्योंकि नल जल लगने के बाद अधिकांश चापाकल सूख चुके हैं. लोगों के निर्भरता नल जल के पानी पर हो गई है लेकिन पानी की सप्लाई बंद होने से समस्या काफी बढ़ गयी है. आक्रोशित लोगों का कहना था कि अगर विभाग के द्वारा अविलंब पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो जल्द ही सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया जायेगा. मौके पर सुनैना देवी, रूबी देवी, सुरेंद्र ठाकुर, रविंद्र ठाकुर, सुबोध ठाकुर समेत दर्जनों लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




