कोरम नहीं, इसलिए टल गई करोड़ों की योजनाओं वाली बैठक; बीडीओ ने जताई नाराजगी

Author Ankur kumar|Edited by Aaruni Thakur
Updated:
विज्ञापन
विकास को झटका, कोरम के अभाव में बैठक स्थगित

सदस्यों की प्रतीक्षा करते पदाधिकारी

सिंघिया प्रखंड में पंचायत समिति की महत्वपूर्ण बैठक कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दी गई। अगली बैठक अब 18 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

विज्ञापन

Panchayat Samiti Meeting: प्रखंड परिसर में शनिवार को आयोजित पंचायत समिति की महत्वपूर्ण बैठक कोरम पूरा नहीं होने के कारण स्थगित करनी पड़ी. बैठक में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं, किसानों की समस्याओं और अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी, लेकिन पर्याप्त संख्या में सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण कोई निर्णय नहीं लिया जा सका.

बीडीओ ने जताया खेद, जनप्रतिनिधियों से की अपील

प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक रंजन ने बैठक स्थगित होने पर गहरा खेद जताया. उन्होंने मौजूद पंचायत समिति सदस्यों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रखंड के विकास और आम जनता के हित से जुड़े मुद्दों के लिए बुलाई गई बैठक की उपेक्षा करना उचित नहीं है.

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर सामूहिक विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए और जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.

नियमों के अनुसार एक घंटे तक किया इंतजार

बीडीओ ने बताया कि पंचायती राज नियमावली के अनुसार कोरम पूरा होने के लिए एक घंटे तक सदस्यों का इंतजार किया गया. प्रशासन ने नियमों का पूरी तरह पालन किया, लेकिन पर्याप्त सदस्य नहीं पहुंचने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी.

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से संचालित की गई.

किसानों और विकास योजनाओं पर होनी थी चर्चा

प्रखंड प्रमुख बिरजू साह ने कहा कि बैठक क्षेत्र के किसानों और आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी. इसमें पंचायतों की विकास योजनाओं, करोड़ों रुपये की परियोजनाओं, फसल मुआवजा वितरण में आ रही विसंगतियों, बिजली और नल-जल जैसी समस्याओं पर निर्णय लिया जाना था.

उन्होंने कहा कि बैठक नहीं होने से इन मुद्दों के समाधान में फिलहाल देरी होगी.

मुखिया ने रखी अपनी बात

मुखिया राम प्रवेश साहू ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की अपेक्षा थी कि बैठक की सूचना के साथ पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि नए प्रस्तावों पर प्रभावी ढंग से चर्चा की जा सके.

18 जुलाई को फिर होगी बैठक

प्रखंड के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए अगली पंचायत समिति बैठक 18 जुलाई को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.

बीडीओ विवेक रंजन ने सभी मुखियाओं, पंचायत समिति सदस्यों और संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर प्रखंड के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन