बेटी की छठी में मां की गोली मारकर हत्या, दारू के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने पत्नी के मुंह में मारी गोली

Updated:
विज्ञापन

मृतका मंजुला और आरोपी पति सूरज का फाइल फोटो

समस्तीपुर में बेटी की छठी के शुभ अवसर पर एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. शराब के लिए पैसे न मिलने पर पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. जिस वक्त यह वारदात हुई, घर में नवजात की छठी का कार्यक्रम चल रहा था.

विज्ञापन

Samastipur Crime: मोरवा प्रखंड के चकलालशाही में बेटी की छठी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गयीं, जब शराब के लिए पैसे मांगने पर पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के समय घर में छह दिन की नवजात बच्ची की छठी का कार्यक्रम चल रहा था. घटना के बाद आरोपी पति पिस्टल लेकर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बेटी की छठी में बैठी थी मां, तभी पिस्टल लेकर पहुंचा पति

बताया गया कि मंजुला अपनी छह दिन की नवजात बेटी की लंबी उम्र के लिए छठी का अनुष्ठान पूरा करने के बाद भोजन करने बैठी थी. घर के बाहर छठी के गीत और बधाई बज रहे थे. इसी दौरान उसका पति सूरज हाथ में पिस्टल लेकर घर पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा.

मंजुला ने कथित तौर पर पति से कहा कि घर में सभी लोग जुटे हैं और आज कोई विवाद न करे. उसने अगले दिन शराब पीने की बात कही. इसी बात पर सूरज गुस्से में आ गया.

पत्नी के मुंह में पिस्टल डालकर चला दी गोली

आरोप है कि गुस्से में सूरज ने पत्नी के मुंह में पिस्टल डालकर गोली चला दी. गोली लगते ही मंजुला खून से लथपथ होकर गिर गयी. परिजन और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसकी हालत गंभीर हो गयी.

लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

घटना के बाद आरोपी सूरज पिस्टल लेकर मौके से फरार हो गया.

छठी की खुशियां पल भर में मातम में बदलीं

जिस घर में कुछ देर पहले नवजात बच्ची के जन्म की खुशी में छठी का कार्यक्रम चल रहा था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गयी. छह दिन की बच्ची मां के सीने से लिपटी थी. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. चकलालशाही में इस वारदात को लेकर काफी आक्रोश है.

पांच साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार सूरज की शादी करीब पांच साल पहले वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के निलो गांव की रहने वाली मंजुला से हुई थी. दंपती के दो बेटे थे. छह दिन पहले तीसरी संतान के रूप में बेटी का जन्म हुआ था.

साली की शादी में भी किया था हंगामा

ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि आरोपी करीब एक महीने पहले अपनी साली की शादी में ससुराल गया था. वहां उसने कथित तौर पर काफी हंगामा किया था. इस दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की थी.

परिजनों के अनुसार, इसी घटना से नाराज होकर सूरज ने अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी.

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

पुलिस आरोपी सूरज की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

घटना के बाद मृतका के मायके वालों में काफी आक्रोश है. वहीं नवजात बच्ची समेत परिवार के सामने अब बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

यह भी पढ़ें

Samastipur News: ईद-मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान ट्रेन की चपेट में आया किशोर, मौके पर मौत


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन