सुब्रतो मुखर्जी कप में गोलों की बारिश, बेतिया और कैमूर ने 9-0 से मचाया धमाल

Updated:
विज्ञापन

जीत के बाद बेतिया की टीम जश्न मनाते हुए

65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता में बेतिया और कैमूर की टीमों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को 9-0 से रौंदकर अगले दौर में प्रवेश किया. बेतिया की बिंदिया कुमारी और कैमूर की सुनैना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा.

विज्ञापन

Subroto Mukherjee Cup: शहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे के खेल मैदान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 के दूसरे दिन शनिवार को एकतरफा मुकाबले देखने को मिले. पश्चिम चंपारण (बेतिया) और कैमूर ने अपने-अपने मैच 9-0 के बड़े अंतर से जीतकर अगले दौर में जगह बना ली. वहीं पूर्णिया और भागलपुर की टीमें नहीं पहुंचने के कारण दरभंगा और मेजबान समस्तीपुर को वॉकओवर मिला.

आपके शहर में

विज्ञापन

खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

दिन के मुकाबलों की शुरुआत जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की. उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का सबसे बेहतर माध्यम है. खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील भी की.

बेतिया ने बेगूसराय को 9-0 से हराया

पहले मुकाबले में पश्चिम चंपारण (बेतिया) की टीम ने बेगूसराय पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और 9-0 से शानदार जीत दर्ज की.

इस जीत की सबसे बड़ी स्टार बिंदिया कुमारी रहीं, जिन्होंने अकेले चार गोल दागे. उन्होंने तीसरे, 18वें, 24वें और 38वें मिनट में गोल किए. इसके अलावा रितिका ने दो तथा प्रीति, अन्नू और गीता ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को यादगार बना दिया.

कैमूर ने भी जमुई को नहीं दिया मौका

दूसरे मुकाबले में कैमूर ने भी जमुई के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाते हुए 9-0 से जीत दर्ज की.

कैमूर की सुनैना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल किए. उन्होंने 14वें, 20वें, 26वें, 28वें और 46वें मिनट में गोल दागे. वहीं नेहा, उजाला, छोटी और अंतिमा ने भी एक-एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया.

समस्तीपुर और दरभंगा को मिला वॉकओवर

प्रतियोगिता में पूर्णिया की टीम निर्धारित समय तक मैदान पर नहीं पहुंच सकी, जिसके कारण दरभंगा को वॉकओवर देकर अगले दौर में प्रवेश दिया गया.

इसी तरह भागलपुर की टीम के अनुपस्थित रहने पर मेजबान समस्तीपुर को भी बिना मुकाबला खेले अगले चरण में प्रवेश मिल गया.

इन खिलाड़ियों को मिला विशेष सम्मान

दूसरे दिन के शानदार प्रदर्शन के लिए बेतिया की बिंदिया कुमारी और कैमूर की सुनैना कुमारी को 'बेस्ट ऑफ ट्वेंटी-टू' पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

निर्णायकों ने निभाई अहम भूमिका

मुकाबलों में पूर्णिया के रजनीश कुमार, सीतामढ़ी के रोहित कुमार, पश्चिम चंपारण के समीर संजय और मुंगेर की मोना वर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई.

प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहायक वरुण कुमार सिंह, सुभीत कुमार बिट्टू, विनय कुमार विनय, राहुल कुमार, विग्नेश कुमार, रजनीश कुमार पांडे, संजीव कुमार, अमित कुमार, मदन भगत, कुमारी वंदना, वैजयंती प्रिया, निकिता और पूजा कुमारी सहित शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही.

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी विभिन्न जिलों की टीमें अगले दौर में जगह बनाने के लिए मैदान में उतरेंगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन