4 साल बाद ट्रेनों की पेंट्रीकार में फिर शुरू हुई खाना बनाने की व्यवस्था

प्रतीकात्मक तस्वीर
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है! 4 साल के लंबे इंतजार के बाद, ट्रेनों की पेंट्रीकार में फिर से खाना और नाश्ता तैयार होना शुरू हो गया है. यात्रियों को अब ताज़ा भोजन मिलेगा, जिससे यात्रा का अनुभव और बेहतर होगा.
Train Food: रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है. करीब चार साल बाद ट्रेनों की पेंट्रीकार में फिर से खाना और नाश्ता तैयार किया जाने लगा है. रेलवे ने ईंधन की उपलब्धता और यात्रियों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था दोबारा शुरू की है. फिलहाल पेंट्रीकार में इलेक्ट्रिक हीटर की मदद से भोजन तैयार किया जा रहा है.
चार साल पहले सुरक्षा कारणों से लगी थी रोक
करीब चार वर्ष पहले यात्रियों और ट्रेनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पेंट्रीकार में खाना बनाने पर रोक लगा दी गई थी. इसके बाद ट्रेनों में भोजन आईआरसीटीसी के बेस किचन में तैयार कर पैक किया जाता था और विभिन्न स्टेशनों से पेंट्रीकार में लोड किया जाता था.
एलपीजी की कमी के बाद बदली व्यवस्था
समस्तीपुर स्टेशन के आसपास स्थित आईआरसीटीसी के तीन बेस किचन से कई ट्रेनों में भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जाता है. लेकिन हाल के दिनों में एलपीजी की उपलब्धता में आई दिक्कत के कारण समय पर भोजन पहुंचाना चुनौती बन गया था.
इसी को देखते हुए रेलवे ने पेंट्रीकार में ही इलेक्ट्रिक हीटर पर भोजन तैयार करने की अनुमति दे दी, ताकि यात्रियों को समय पर ताजा खाना मिल सके.
रेलवे और आईआरसीटीसी की बढ़ी निगरानी
पेंट्रीकार में दोबारा खाना बनने की व्यवस्था शुरू होने के साथ ही रेलवे और आईआरसीटीसी ने निगरानी भी सख्त कर दी है.
अब अधिकारी नियमित रूप से पेंट्रीकार और बेस किचन का निरीक्षण कर रहे हैं. जांच के दौरान भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, उपकरणों की स्थिति और आग से सुरक्षा के इंतजामों की विशेष रूप से समीक्षा की जा रही है.
औचक निरीक्षण भी जारी
रेलवे के अनुसार, जोनल और मंडल स्तर के अधिकारी समय-समय पर ट्रेनों में औचक निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके और ट्रेन की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










