समस्तीपुर: बकैनिया टोला में आधा दर्जन घरों में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

चोरी के बाद बिखरा सामान
रविवार रात समस्तीपुर के जितवरिया पंचायत में चोरों ने छह घरों से लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है, और ग्रामीणों में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग को लेकर आक्रोश है।
Samastipur News: थाना क्षेत्र के जितवरिया पंचायत स्थित बकैनिया टोला में रविवार रात चोरों ने आधा दर्जन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवारों में अशोक राय, अरविंद राय, पंकज राय, विजय राय, सुनील महतो और अनिल महतो शामिल हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी है.
Kalyanpur News: गृहस्वामी के जागने पर भागे चोर
ग्रामीणों के अनुसार चोर एक के बाद एक घरों में चोरी करने के बाद अशोक राय के घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान घर के लोग जाग गए और शोर मचाया. हल्ला सुनते ही बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
अरविंद राय के घर सबसे अधिक नुकसान
पीड़ित अरविंद राय ने बताया कि चोर उनके घर से बक्से में रखे 10 हजार रुपये नकद और करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. अन्य घरों में भी चोरी हुई है, हालांकि वहां से कितनी संपत्ति चोरी हुई इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
लगातार तीसरी चोरी से बढ़ी दहशत
ग्रामीणों ने बताया कि 16 जुलाई को कोरिया डुमरिया में आधा दर्जन घरों में चोरी हुई थी. 17 जुलाई को बरहेता गांव में चोरी की घटना हुई और अब 18 जुलाई को बकैनिया टोला में छह घरों को निशाना बनाया गया. लगातार हो रही घटनाओं से लोग भयभीत हैं.
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों ने उठाई मांग
थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि गृहस्वामियों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं पैक्स अध्यक्ष सह पूर्व प्रखंड उप प्रमुख दीनदयाल झा ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए पुलिस से चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की.
यह भी पढ़ें: नियोजित शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रिया तेज करने की मांग, बीडीओ को सौंपी संचिका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










