Samastipur Youth Murder: युवक की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों का सड़क पर आगजनी और प्रदर्शन
Samastipur Youth Murder: कर्पूरीग्राम में बदमाशों ने सोनू सिंह नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने समस्तीपुर-ताजपुर मार्ग पर चार घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है. जानिए पूरी खबर…
समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट
Samastipur Youth Murder: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहाँ कर्पूरीग्राम रेलवे स्टेशन के पास गिट्टी मंडी में सोमवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने ताश खेल रहे एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. मृतक की पहचान कर्पूरीग्राम के वार्ड 7 निवासी दिवंगत घिरेन्द प्रसाद सिंह के इकलौते पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी सोनू को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. हालांकि, देर रात पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में ही सोनू ने दम तोड़ दिया.
हत्या के विरोध में टायर जलाकर प्रदर्शन, चार घंटे ठप रहा आवागमन
युवक की मौत की खबर मिलते ही मंगलवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने चांदोपट्टी शिव मंदिर के समीप समस्तीपुर-ताजपुर मार्ग को बांस-बल्ला लगाकर पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों की मांग थी कि सोनू के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए. इस सड़क जाम के कारण सुबह 6 बजे से करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
पुलिस और बीडीओ के आश्वासन के बाद खुला जाम, जांच में जुटी पुलिस
घटना और हंगामे की सूचना मिलते ही कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुप्रभात कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस प्रशासन द्वारा हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और हरसंभव सहयोग का भरोसा मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया. मृतक के परिजनों का आरोप है कि इस हत्याकांड में गांव के ही कुछ लोग शामिल हैं. मामले पर एएसपी संजय पाण्डेय ने बताया कि घटना की जांच चल रही है और घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है. पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










