समस्तीपुर में पेट्रोल पंप के पास लूटकांड का खुलासा, लूटा गया मोबाइल बरामद और आरोपी अरेस्ट
दलसिंहसराय लूटकांड का उद्भेदन
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में हुई पेट्रोल पंप लूट की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. एक आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.
Petrol Pump Loot Case: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेपुरा के विद्यापतिनगर रोड स्थित विजयघाट पेट्रोल पंप के समीप हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है . पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है . इसके साथ ही उसकी निशानदेही पर पीड़ित से लूटा गया मोबाइल फोन भी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है .
Samastipur News: 5 जून की रात दिया था घटना को अंजाम
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने दलसिंहसराय थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बीते 5 जून की रात करीब 10:30 बजे विजयघाट पेट्रोल पंप के पास पक्की सड़क पर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया था . तीन अज्ञात बदमाशों ने राहगीर गोविंद पासवान को घेरकर उनके साथ मारपीट की और उनकी मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे . घटना के बाद पीड़ित के बयान पर दलसिंहसराय थाने में कांड संख्या 314/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी .
Bihar Police Action: निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल बरामद
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया . टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोहद्दीनगर थाना क्षेत्र के मनिअर (वार्ड संख्या-02) निवासी अजय महतो के पुत्र सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया . पूछताछ के दौरान सौरभ की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया . कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि इस वारदात में उसका साला दीपक कुमार और अन्य साथी भी शामिल थे . दीपक वर्तमान में बछवारा थाना कांड में बेगूसराय मंडल कारा में बंद है .
अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, अन्य की तलाश जारी
पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह दलसिंहसराय, विद्यापतिनगर, बछवारा और फुलवरिया थाना क्षेत्रों में सक्रियता से लूटपाट करता रहा है . गिरोह के अन्य सदस्यों में शेरपुर निवासी दीपक महतो, रौशन कुमार, बीरू कुमार और अन्य पर विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं . पुलिस की टीम फरार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है . इस विशेष टीम में थानाध्यक्ष इरशाद आलम, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








