लॉज में रची गई थी लोजपा नेता की हत्या की साजिश, अब हाथीदह से पकड़ा गया मुख्य आरोपी

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

समस्तीपुर पुलिस ने लोजपा (आर) नेता अंटू ईश्वर पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी मनीराम उर्फ मनिया को हाथीदह से गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में हत्या की साजिश के कई अहम सुराग मिले हैं. समस्तीपुर लॉज में रची गई थी हत्या की पूरी साजिश.

विज्ञापन

Samastipur Crime News: शहर के बहादुरपुर मोहल्ले में बीते 17 फरवरी को लोजपा (आर) के कद्दावर नेता अंटू ईश्वर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में समस्तीपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. इस सनसनीखेज कांड के मुख्य और लंबे समय से फरार चल रहे प्राथमिक अभियुक्त मनीराम उर्फ मनिया को जिला पुलिस की डीआईयू (DIU) टीम और पटना एसटीएफ (STF) ने एक संयुक्त छापेमारी में गिरफ्तार कर लिया है. मनीराम स्टेशन रोड, वार्ड संख्या 23 का निवासी है. गिरफ्तारी के बाद उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

हाथीदह से संयुक्त छापेमारी में पकड़ा गया मनिया

मिली जानकारी के अनुसार, मनीराम गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था.

गोपनीय सूचना के आधार पर डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को हाथीदह के आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. मनीराम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे समस्तीपुर के नगर थाना लेकर पहुंची, जहां उससे घंटों पूछताछ की गई.

नगर थाना में पूछताछ से मिले हत्या की साजिश के अहम सुराग

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नगर थाना में मनीराम से हुई गहन पूछताछ के दौरान अंटू ईश्वर पर हुई फायरिंग की घटना से जुड़ी साजिश, शूटरों की भूमिका और अन्य फरार आरोपितों के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं.

पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस अब इस कांड में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों और साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. हाल ही में पुलिस ने मनीराम के करीबी सहयोगी राहुल कुमार उर्फ चुसनी को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया था.

समस्तीपुर लॉज में रची गई थी 15 दिन पहले हत्या की साजिश

पुलिस की अब तक की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि लोजपा नेता अंटू ईश्वर की हत्या की साजिश घटना से करीब 10 से 15 दिन पहले ही रच ली गई थी.

इसके लिए साजिशकर्ता ने कथित तौर पर बिहार के बाहर से पेशेवर शूटरों को समस्तीपुर बुलाया था. घटना से लगभग दो दिन पहले ये शूटर समस्तीपुर पहुंचे और बहादुरपुर स्थित एक लॉज में ठहरे थे. इसी लॉज में हत्या की पूरी व्यूहरचना (साजिश) तैयार की गई थी.

हथियार और रेकी: साजिशकर्ताओं ने दी थी शूटरों को पूरी मदद

जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि मुख्य साजिशकर्ता और उसके सहयोगियों ने बाहरी शूटरों को हथियार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके रहने और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की थी.

हत्या से एक दिन पहले भी बदमाशों ने शहर के एक व्यस्त बाजार में लोजपा नेता पर फायरिंग की कोशिश की थी, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो पाए थे. इसके बाद 17 फरवरी की शाम, रेकी करने के बाद बहादुरपुर मोहल्ले में लोजपा नेता के काफिले पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. इस हमले में लोजपा नेता तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनका एक सहयोगी गंभीर रूप से जख्मी हो गया था.

मनीराम पर दर्ज हैं कई गंभीर आपराधिक मामले

गिरफ्तार मनीराम उर्फ मनिया का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ समस्तीपुर के नगर थाना, मुफस्सिल थाना और दरभंगा में लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित करीब आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं. लोजपा नेता पर हमले के मामले में अंटू ईश्वर के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में मनीराम सहित लक्की खान, राहुल यादव उर्फ चुसनी, शत्रुघ्न राय, राजीव सिंह उर्फ पुल्लू सिंह समेत 5-7 अज्ञात को नामजद आरोपित बनाया गया है.

यह भी पढ़ें: हर महीने 7 तारीख तक डेटा अपलोड नहीं किया तो बढ़ सकती है मुश्किल, स्कूलों पर शिक्षा विभाग सख्त


विज्ञापन
Girija Nandan Sharma

लेखक के बारे में

By Girija Nandan Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन