Samastipur News: उत्तर बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज: 16-17 मई को तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट

बारिश और वज्रपात का अलर्ट
Samastipur News: उत्तर बिहार में 16 और 17 मई को मौसम बदलने वाला है. पूसा कृषि विश्वविद्यालय के अनुसार, तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है, जिससे तापमान में कमी आएगी और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पढ़ें पूरी खबर…
Samastipur News:उत्तर बिहार के जिलों में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा और भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी 16 से 20 मई 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इस रिपोर्ट के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर बिहार के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है.
तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 16 और 17 मई को मौसम में सबसे ज्यादा बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान अनेक जिलों में गरज वाले बादल बनेंगे और हल्की वर्षा हो सकती है. बारिश के साथ ही तेज हवाएं चलने और वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका जताई गई है. प्रशासन ने आम लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत
आने वाले दिनों में आसमान में बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. क्षेत्र में मुख्य रूप से पुरवा हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 14 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. इससे लोगों को चिलचिलाती धूप और लू से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
किसानों के लिए मौसम विभाग की विशेष सलाह
कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे 16-17 मई को होने वाली संभावित बारिश और तेज हवा को देखते हुए ही फसलों की कटाई या दवाओं के छिड़काव का काम करें. कटी हुई फसलों को भींगने से बचाने के लिए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था पहले ही कर लें.
समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










