समस्तीपुर: मोरवा में खेती बचाओ अभियान, किसानों से रासायनिक खाद कम करने की अपील

Updated:
विज्ञापन

मोरवा में आयोजित कृषक गोष्ठी को संबोधित करते केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर एवं मंचासीन अतिथि

Samastipur News: मोरवा में आयोजित खेती बचाओ अभियान के तहत कृषक गोष्ठी में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किसानों से जैविक खेती अपनाने और रासायनिक खाद का उपयोग कम करने की अपील की. कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने भी प्राकृतिक खेती पर जोर दिया. जानिए खबर विस्तार से...

विज्ञापन

समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट

Samastipur News: मोरवा प्रखंड के धर्मपुर बांदे में मंगलवार को खेती बचाओ अभियान के तहत कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि जैविक खेती किसानों के लिए वरदान है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इसकी आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है. उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद का उपयोग कम कर जैविक खेती अपनाने की अपील की.

रासायनिक खेती से बढ़ रही बीमारियां

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के कई राज्यों में रासायनिक खेती के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हुई है. उन्होंने कहा कि जहां रासायनिक खाद का अधिक उपयोग हो रहा है, वहां गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ा है. किसानों को मिट्टी की जांच कर आवश्यकता के अनुसार जैविक खाद का उपयोग करना चाहिए.

कृषि वैज्ञानिकों की भूमिका सराहनीय

केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डॉ. पी.एस. पांडे ने कहा कि समस्तीपुर कृषि अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमि रही है. यहां विकसित उन्नत बीजों और नई तकनीकों से किसानों की उत्पादकता लगातार बढ़ रही है. उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया.

किसानों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा

विशिष्ट अतिथि विधायक रणविजय साहू ने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए नीलगाय से फसलों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया. डॉ. अशोक कुमार पांडे ने मिट्टी को मां की संज्ञा देते हुए कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही बेहतर उत्पादन की आधारशिला है. उन्होंने जैविक खेती को समय की आवश्यकता बताया.

कार्यक्रम में डॉ. रत्नेश कुमार झा ने विषय प्रवेश कराया, जबकि संचालन डॉ. रविंद्र कुमार तिवारी ने किया. विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण कुमार चौधरी, डॉ. केशव कुमार सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे. अंत में डॉ. विनीत कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापन किया. सरस्वती शिशु मंदिर, धर्मपुर बांदे की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहे.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन