Samastipur News: मॉनसून को लेकर कृषि विश्वविद्यालय ने जारी की एडवाइजरी, किसानों को फसल सुरक्षा की सलाह

Updated:
विज्ञापन
Samastipur News monsoon-farming-advisory-pusa-agriculture-university-guidelines-for-farmers

पूसा कृषि विश्वविद्यालय

Samastipur News: मॉनसून के आगमन की संभावना को देखते हुए पूसा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है. किसानों को सिंचाई रोकने, जल निकासी की व्यवस्था करने, धान की नर्सरी तैयार करने और फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट

Samastipur News: समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार में मॉनसून की दस्तक कभी भी हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए जरूरी सलाह जारी की है. विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते तैयारी कर लेने से किसान फसलों को नुकसान से बचाने के साथ बेहतर उत्पादन भी प्राप्त कर सकते हैं.

खेतों में करें जल निकासी की व्यवस्था

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि संभावित वर्षा को देखते हुए फिलहाल खेतों में सिंचाई का कार्य बंद कर दें. सब्जी की फसलों में जलजमाव की स्थिति न बने, इसके लिए खेतों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करें. वहीं रबी मक्का और गरमा मूंग जैसी कट चुकी फसलों को अच्छी तरह सुखाकर सुरक्षित स्थानों पर भंडारित करने को कहा गया है.

धान की नर्सरी लगाने का सही समय

विशेषज्ञों के अनुसार किसानों को मध्यम अवधि और सुगंधित धान की किस्मों का बिचड़ा तैयार करने का काम शुरू कर देना चाहिए. राजेंद्र नीलम, राजेंद्र श्वेता, राजेंद्र भगवती और राजेंद्र सरस्वती जैसी किस्मों के साथ राजेंद्र सुवासिनी और राजेंद्र कस्तूरी जैसी सुगंधित किस्मों की बुआई की सलाह दी गई है.

सब्जियों में कीट और रोग पर रखें नजर

भिंडी, नेनुआ, लौकी और खीरा जैसी फसलों में निकाई-गुड़ाई कर खरपतवार नियंत्रण करने को कहा गया है. किसानों को कीटों और रोगों की नियमित निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर अनुशंसित दवाओं का छिड़काव करने की सलाह दी गई है. मिर्च की फसल में वायरस प्रभावित पौधों को हटाने पर भी जोर दिया गया है.

हल्दी, अदरक और ओल की करें बुआई

कृषि विशेषज्ञों ने कहा है कि हल्दी, अदरक और ओल जैसी नकदी फसलों की बुआई के लिए यह समय उपयुक्त है. खेत की तैयारी कर इस सप्ताह बुआई पूरी करने और पौधों के बीच उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन