मुहर्रम 2026: समस्तीपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 399 जगहों पर पुलिस की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी.
मुहर्रम 2026 को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जिले के 399 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी.
Muharram 2026: मुहर्रम के अवसर पर समस्तीपुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिला प्रशासन ने सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है. जिलेभर में 399 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बल तैनात रहेंगे, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके.
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी, हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर
जिला मुख्यालय में विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखेंगे. किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए प्रत्येक थाने में रिजर्व पुलिस बल भी तैनात रहेगा.
इसके अलावा दंगा नियंत्रण बल, अग्निशमन दल, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और अन्य सुरक्षा बलों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है.
यह भी पढ़ें: मुहर्रम 2026: आशूरा का महत्व, इतिहास और धार्मिक मान्यताएं
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया है. इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
पहले से चल रही थी प्रशासनिक तैयारी
मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पिछले करीब 15 दिनों से तैयारियों में जुटा था. सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं और विभिन्न समुदायों के लोगों से संवाद कर आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई.
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. ड्यूटी में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में बिजली विभाग की लापरवाही से टला बड़ा हादसा, स्कूल बस से टकराया एलटी तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










