मंडन भारती कृषि महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान, विद्यार्थियों ने स्वस्थ समाज के लिए ली सामूहिक शपथ

कर्यक्रम का उद्घाटन करते अतिथि. | Prabhat Khabar Network
Nasha Mukt Bharat Abhiyan : मंडन भारती कृषि महाविद्यालय में नशामुक्त भारत अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया गया और उन्होंने स्वस्थ भविष्य के लिए सामूहिक शपथ ली.
Nasha Mukt Bharat Abhiyan : राजभवन सचिवालय, बिहार एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ. कार्यक्रम में महाविद्यालय के सह अधिष्ठाता सह प्राचार्य प्रो. डॉ. बिनोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. वहीं रवि शंकर, एस.एन. भगत एवं संगीता भगत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.
युवाओं से नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान
कार्यक्रम की शुरुआत में एसोसिएट प्रोफेसर सह वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मो. अरशद अनवर ने अतिथियों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया. उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य बताते हुए युवाओं से समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
विशेषज्ञों ने बताए नशे के दुष्प्रभाव
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. डॉ. बिनोद कुमार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और नशे की प्रवृत्ति उनके स्वास्थ्य, शिक्षा तथा राष्ट्र के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है. मुख्य वक्ता रवि शंकर ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए योग, ध्यान, आत्मानुशासन और सकारात्मक सोच को इससे बचने का प्रभावी उपाय बताया. एस.एन. भगत और संगीता भगत ने भी नैतिक मूल्यों, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी अपनाने का संदेश दिया.
विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त भारत की शपथ
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण सामूहिक नशामुक्ति शपथ रहा. रवि शंकर ने शपथ दिलाई, जिसके बाद शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया.
'नशा मुक्त भारत, विकसित भारत' के संकल्प के साथ समापन
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. अंत में डॉ. मो. अरशद अनवर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का समापन 'नशा मुक्त भारत, विकसित भारत' के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










