गुदरी हाट में वेंडिंग जोन निर्माण का टूटा सपना, डीलक्स शौचालय निर्माण शुरू

Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 12 Apr 2026 6:36 PM

विज्ञापन

गुदरी हाट में वेंडिंग जोन निर्माण का टूटा सपना

विज्ञापन

नगर परिषद की प्राथमिकता पर उठे सवाल, दुकानदारों में नाराजगी सिमरी बख्तियारपुर. नगर परिषद क्षेत्र के गुदरी हाट में वेंडिंग ज़ोन निर्माण को लेकर वर्षों से चल रहा इंतजार अब ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है. जिस जमीन पर वेंडिंग ज़ोन बनना था, उसी पर अब डीलक्स शौचालय निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. इसको लेकर स्थानीय दुकानदारों और लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार वर्ष कुछ वर्ष पूर्व नगर परिषद द्वारा वेंडिंग ज़ोन निर्माण की योजना की शुरुआत की गयी थी. उद्देश्य था कि फुटपाथ दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं को एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाये, ताकि बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिल सके. हालांकि अब तक यह योजना जमीन पर उतर नहीं सकी है. प्रारंभिक चरण में सिर्फ मिट्टी भराई का कार्य किया गया, जिसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया. इसी बीच अब उसी जमीन पर डीलक्स शौचालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से कई सवाल खड़े हो गये हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि गुदरी हाट में पहले से ही दो शौचालय मौजूद हैं, ऐसे में वेंडिंग ज़ोन के लिए चिन्हित स्थल पर डीलक्स शौचालय बनाने की क्या आवश्यकता है. दुकानदारों का कहना है कि वेंडिंग ज़ोन नहीं बनने के कारण उन्हें अब भी सड़क किनारे दुकान लगाने को मजबूर होना पड़ता है, जिससे रोजाना जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. यदि वेंडिंग ज़ोन का निर्माण हो जाता तो न केवल दुकानदारों को स्थायी स्थान मिलता, बल्कि बाजार क्षेत्र भी व्यवस्थित हो सकता था. इओ से मिल कर रखूंगा बात : पुनपुन गुदरी हाट में वेंडिंग ज़ोन की जमीन पर डीलक्स शौचालय निर्माण को लेकर स्थानीय युवा नेता पुनपुन यादव ने कड़ा विरोध जताया है.उन्होंने कहा कि नगर परिषद का यह निर्णय पूरी तरह गलत है और इससे अतिक्रमण को ही बढ़ावा मिलेगा.जब तक दुकानदारों के लिए वेंडिंग ज़ोन नहीं बनेगा, तब तक वे मजबूरी में सड़क किनारे ही दुकान लगायेंगे, जिससे जाम और अव्यवस्था बनी रहेगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां रोजगार की व्यवस्था होनी चाहिए, वहां शौचालय बनाना समझ से परे है. इससे समस्या का समाधान नहीं, बल्कि विस्तार होगा. पुनपुन यादव ने बताया कि वह जल्द ही कार्यपालक पदाधिकारी से मिलकर इस निर्णय के खिलाफ लिखित आवेदन देंगे और वेंडिंग ज़ोन निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग करेंगे.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन