कदाचार के आरोप में कोई निष्कासित नहीं, संदेह के आधार पर हिरासत में छह सेटर

बिहार अवर पुलिस निरीक्षक के पद पर चयन को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय के चार केंद्रों पर कदाचार मुक्त शांतिपूर्ण परीक्षा का आयोजन किया गया.
जिला मुख्यालय के चार केंद्रों पर शांतिपूर्ण हुई अवर पुलिस निरीक्षक चयन परीक्षा
सहरसा. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा बिहार अवर पुलिस निरीक्षक के पद पर चयन को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय के चार केंद्रों पर कदाचार मुक्त शांतिपूर्ण परीक्षा का आयोजन किया गया. दो पालियों में आयोजित परीक्षा में 2208 परीक्षार्थी शामिल हुए. परीक्षा जिला स्कूल, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, मनोहर उच्च विद्यालय सहरसा एवं अनुग्रह नारायण सिंह स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया. परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए दो जोनल दंडाधिकारी सह सामान्य प्रेक्षक, दो उड़नदस्ता दंडाधिकारी के अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. परीक्षा केंद्रों पर फ्रिसकिंग कार्य को पूर्ण तत्परता से निष्पादित किया गया. केंद्रों पर जैमर क्रियाशील रहे. परीक्षा प्रारंभ होने डेढ़ घंटा पूर्व किसी भी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी. परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लू टूथ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, व्हाइटनर, इरेसर, ब्लेड जैसी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी गयी. सभी परीक्षार्थियों का दो स्तर पर फ्रिसकिंग की गयी. किसी भी आवांछित सामग्री को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गयी.सदर एसडीओ श्रेयांश तिवारी ने बताया कि जिला मुख्यालय के चार केंद्रों पर दो पाली में कदाचार मुक्त शांतिपूर्ण परीक्षा संचालित हुई है. निर्धारित समय पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों में पूरी जांच के बाद प्रवेश दिया गया. सभी केंद्रों पर कदाचार मुक्त शांतिपूर्ण परीक्षा संचालित की गयी. वहीं पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि छह लोगों को परीक्षा में सेटिंग के संदेह पर हिरासत में लिया गया है. हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ की जा रही है. जिसके बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी.
परीक्षा केंद्रों के आसपास असामान्य रूप से सक्रिय थे कुछ लोग
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को परीक्षा के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. बताया जाता है कि कुछ लोग परीक्षा केंद्रों के आसपास असामान्य रूप से सक्रिय थे और उनके आपसी संपर्क व गतिविधियां संदेह के घेरे में थी. सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया. पुलिस सूत्रों का कहना है कि दारोगा भर्ती परीक्षा जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को गंभीर अपराध माना जाता है. इसी वजह से वरीय पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में पूछताछ की जा रही है. हिरासत में लिए गये युवकों और महिला के मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




