सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड 28 में फिर चोरी, नकद और जेवरात समेत मोबाइल ले उड़े बदमाश

फोटो : वही घर, जहां अज्ञात चोरों ने की चोरी | Prabhat Khabar Network
सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है. गायत्री नगर में एक घर से 70 हजार नकद, सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल चोरी हो गए. इस घटना के बाद पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
Saharsa News: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 28 स्थित गायत्री नगर में एक बार फिर अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए 70 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय में इसी वार्ड में आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक चोरों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है.
रात में घर में घुसे चोर, सुबह खुला राज
जानकारी के अनुसार गायत्री नगर निवासी मंटू सोनी शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर में सो गए थे.
देर रात अज्ञात चोर घर में घुस गए और पूरे मकान की तलाशी ली. चोरों ने बड़ी सफाई से घर में रखे 70 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया.
शनिवार सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला. जांच करने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद परिवार के होश उड़ गए.
डायल 112 पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं पर भी छानबीन की जा रही है.
वार्ड 28 में बढ़ती चोरी से लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड संख्या 28 में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं. इसके बावजूद क्षेत्र में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है.
ग्रामीणों ने मांग की है कि रात के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और हाल के दिनों में हुई सभी चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाए.
Saharsa News: सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण इलाके के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है. कई परिवार अब रात में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को मजबूर हैं.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










