सहरसा के बाबा मटेश्वर धाम में श्रावणी मेले के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार, CCTV और QRT के साथ चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

फोटो : बैठक को संबोधित करते एसडीएम | Prabhat Khabar Network
बाबा मटेश्वर धाम में श्रावणी मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. प्रशासन ने भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिसमें 24 घंटे निगरानी और त्वरित कार्रवाई दल शामिल हैं. CCTV कैमरों और खोया-पाया केंद्र से श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी.
Saharsa News: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा मटेश्वर धाम मंदिर में श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सावन के दौरान उमड़ने वाली कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शनिवार को मंदिर परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) आलोक राय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपर समाहर्ता (ADM) निशांत कुमार भी शामिल हुए.
बैठक के बाद मंदिर परिसर और आसपास तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा पुलिस बल का स्थल रिहर्सल कराया गया, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा सके.
मंदिर परिसर का निरीक्षण, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
SDO आलोक राय ने मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगमता के साथ जलार्पण कराने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास, बीडीओ मोहन कुमार सिंह, सीओ नवीन कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी खुशबू कुमारी, न्यास समिति के उपाध्यक्ष मुन्ना भगत सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.
24 घंटे तीन पालियों में तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश के अनुसार पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था 24 घंटे तीन पालियों में संचालित की जाएगी.
मंदिर गर्भगृह, बरामदा परिसर, मुख्य द्वार, पोखरा परिसर, बलवाहाट हाई स्कूल बैरियर, काली मंदिर बैरियर, चपराम कोठी और कांठो टोला सहित सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है.
इसके अलावा क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और गश्ती दल को भी सक्रिय रखा जाएगा.
रविवार, सोमवार और पूर्णिमा पर विशेष निगरानी
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि रविवार, सोमवार और पूर्णिमा जैसे अधिक भीड़ वाले दिनों में विशेष गश्ती दल लगातार पूरे क्षेत्र का भ्रमण करेगा.
प्रत्येक पाली समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी नियंत्रण कक्ष को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
CCTV से निगरानी, खोया-पाया केंद्र रहेगा सक्रिय
मंदिर परिसर और भीड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी CCTV कैमरों के माध्यम से की जाएगी.
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रहेगा.
इसके साथ ही विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई, सुरक्षा एजेंसी, SDRF और माइक प्रसारण व्यवस्था पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी.
प्रशासन ने दिया भरोसा
निरीक्षण के दौरान SDO आलोक राय और ADM निशांत कुमार ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु या कांवरिये को असुविधा नहीं होने दी जाएगी.
उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी.
Saharsa News: प्रमुख प्रशासनिक प्रतिनियुक्तियां
मंदिर गर्भगृह में विशाल राघव (जिला योजना पदाधिकारी), पुलक कुमार (सहायक निदेशक, एनईपी), खुशबू कुमारी (राजस्व अधिकारी), मनीषा कुमारी (राजस्व अधिकारी), सअनि राजू विश्वकर्मा और पुअनि जयप्रकाश नारायण सिंह की प्रतिनियुक्ति की गई है.
मंदिर बरामदा परिसर में सिमरन (वरीय उप समाहर्ता), सितु (भूमि सुधार उप समाहर्ता), सुनैना (जिला पंचायती राज पदाधिकारी), कुमारी तोसी, राजीव रंजन, उदय प्रताप सिंह, सअनि संजीव सिंह और पुअनि नरेंद्र सिंह तैनात रहेंगे.
रूट गश्ती दल एवं क्षेत्र प्रभारी के रूप में रवि कुमार (सीओ, सलखुआ), गुलशन कुमार झा (बीडीओ, बनमा ईटहरी), विरेन्द्र कुमार (बीडीओ, सलखुआ), मोहन कुमार सिंह (बीडीओ, सिमरी बख्तियारपुर), नवीन कुमार (सीओ) और आशीष कुमार (सीओ, बनमा ईटहरी) की जिम्मेदारी तय की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










