सहरसा के नंदलाली में शराब कारोबारियों के खिलाफ ग्रामीणों ने छेड़ी मुहिम, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

Updated:
विज्ञापन
सहरसा के नंदलाली में शराब कारोबारियों के खिलाफ ग्रामीणों ने छेड़ी मुहिम, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

नशामुक्ति अभियान को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद ग्रामीण एवं पुलिस पदाधिकारी

Saharsa news: नगर निगम वार्ड संख्या-1 के पार्षद अंजय कुमार की अध्यक्षता एवं खेमस नेता विक्की राम के संचालन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. बैठक में विशेष रूप से बिहरा थाना पुलिस को भी आमंत्रित किया गया था.

विज्ञापन

सत्तरकटैया (सहरसा) से राज किशोर सिंह की रिपोर्ट:

Saharsa news: बिहरा थाना क्षेत्र के नंदलाली गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने नशा एवं अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया. इसको लेकर आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने न केवल स्वयं नशा से दूर रहने का संकल्प लिया, बल्कि दूसरों को भी नशे से दूर रखने की शपथ ली.

नगर निगम वार्ड संख्या-1 के पार्षद अंजय कुमार की अध्यक्षता एवं खेमस नेता विक्की राम के संचालन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. बैठक में विशेष रूप से बिहरा थाना पुलिस को भी आमंत्रित किया गया था.

बैठक को संबोधित करते हुए पार्षद अंजय कुमार ने कहा कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद कई क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री जारी है. इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं पर पड़ रहा है, जिससे उनकी जिंदगी और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं.

खेमस नेता विक्की राम ने कहा कि सूखे नशे और अन्य मादक पदार्थों का बढ़ता प्रचलन बच्चों एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक नागरिकों को आगे आना होगा.

बैठक में मौजूद बिहरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने ग्रामीणों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस और समाज को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों की पहचान कर पुलिस को सूचना दें. सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी.

थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर पुलिसिंग की भावना विकसित होनी चाहिए. संगठित प्रयास से ही नशा कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है. उन्होंने ग्रामीणों को एक टीम बनाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाकर पुलिस को उपलब्ध कराने की सलाह दी.

उन्होंने कहा कि नशा मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है. इससे हृदय, किडनी और लीवर जैसे महत्वपूर्ण अंग प्रभावित होते हैं. साथ ही परिवार और समाज में अशांति का माहौल पैदा होता है. उन्होंने विश्वास जताया कि लगातार प्रयास और जनसहयोग से नशामुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.

बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने नशा के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा गांव में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार को रोकने के लिए सामूहिक अभियान चलाने का निर्णय लिया.

इस अवसर पर पूर्व सरपंच जगदीश यादव, कुमोद यादव, बुच्चन यादव, राजेश यादव, लाल यादव, बिजेंद्र यादव, रमेश यादव, अजित यादव, प्रकाश यादव, पवन यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यनारायण यादव, विष्णुदेव यादव सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन