सहरसा में विशेष वाहन जांच अभियान, 46 वाहनों से 1.62 लाख रुपये जुर्माना, बसों की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची गयी
फोटो - विशेष वाहन जांच अभियान चलाते डीटीओ सुजीत कुमार बरनवाल एवं परिवहन विभाग की टीम.
सहरसा में यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान 46 वाहनों से 1.62 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया. साथ ही, बस स्टैंड पर भी सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई.
Saharsa Traffic Checking: सहरसा. जिलाधिकारी दीपेश कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय ने गुरुवार को सहरसा-बनगांव मार्ग पर विशेष वाहन जांच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सुजीत कुमार बरनवाल ने किया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 46 वाहनों से लगभग 1.62 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया.
वाहनों के दस्तावेजों की हुई सघन जांच
जांच अभियान के दौरान मोटरसाइकिल चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई. इसके अलावा ऑटो, चारपहिया वाहन और ट्रैक्टरों के कागजात भी जांचे गए. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई.
हेलमेट वाहन में टांगने वालों को दिलायी शपथ
अभियान के दौरान ऐसे दोपहिया चालक भी मिले जो हेलमेट पहनने के बजाय वाहन में टांगकर चल रहे थे. परिवहन विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर हेलमेट पहनाया और भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की शपथ दिलाई. अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है.
बस स्टैंड में सुरक्षा मानकों की जांच
सुपर मार्केट बस स्टैंड में बसों की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई. इस दौरान फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन बटन तथा व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) की स्थिति का निरीक्षण किया गया. जिन बसों में फर्स्ट एड सामग्री अधूरी या अग्निशामक यंत्र की वैधता समाप्त मिली, उनके संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए.
मुख्य सड़क पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने पर रोक
बस संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे मुख्य सड़क पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने से बचें और केवल बस स्टैंड परिसर के भीतर ही यह व्यवस्था सुनिश्चित करें. अधिकारियों ने कहा कि इससे शहर में जाम की समस्या कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी.
जागरूकता अभियान आगे भी रहेगा जारी
Saharsa Traffic Checking: डीटीओ सुजीत कुमार बरनवाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वाहन जांच एवं जागरूकता अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा. उन्होंने सभी वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की.
ये भी पढ़ें: मेमू ट्रेन अग्निकांड की जांच तेज, लखनऊ, झाझा और बंगाल से पहुंचीं विशेषज्ञ टीमें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










