सोनवर्षा-सहसौल मुख्य मार्ग कीचड़ में तब्दील, मिट्टी से मरम्मत पर ग्रामीणों में नाराजगी
कीचड़ में तब्दील सड़क | Prabhat Khabar Network
सोनवर्षा-सहसौल मुख्य मार्ग की बदहाली ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है. मरम्मत के नाम पर सिर्फ मिट्टी डालने से सड़क दलदल में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने गुणवत्तापूर्ण मरम्मत और जांच की मांग की है.
Sonbarsa Road Condition: सोनवर्षा राज (सहरसा). प्रखंड क्षेत्र के सोनवर्षा-सहसौल मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. पहले सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलजमाव से लोग परेशान थे, लेकिन अब मरम्मत के नाम पर गड्ढों में मिट्टी भर देने से पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो गई है. बारिश के बाद फिसलन बढ़ने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है.
मरम्मत के नाम पर मिट्टी भरने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया था, जिसके कारण कुछ ही समय में सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई. अब मरम्मत कार्य में भी विभागीय मानकों की अनदेखी की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि गिट्टी और जीएसबी से मरम्मत करने के बजाय केवल मिट्टी भरकर खानापूर्ति कर दी गई, जिससे सड़क की हालत और खराब हो गई.
बारिश के बाद सड़क बनी दलदल
बारिश होने के बाद सड़क पर डाली गई मिट्टी कीचड़ में बदल गई. भारी वाहनों की आवाजाही से मिट्टी धंसती जा रही है और पूरी सड़क दलदली हो गई है. ऐसे में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं बढ़ रही हैं.
स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी
सड़क की बदहाल स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है. साइकिल, ई-रिक्शा और छोटे वाहनों के चालकों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग
Sonbarsa Road Condition: स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मरम्मत कार्य में बरती गई कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है. साथ ही संवेदक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग उठायी है.
Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










