कक्षा छह से लेकर ऊपर तक की कक्षाओं में पढ़ाई जायेंगी एनसीईआरटी की पुस्तकें

Updated at : 07 Apr 2026 6:42 PM (IST)
विज्ञापन
कक्षा छह से लेकर ऊपर तक की कक्षाओं में पढ़ाई जायेंगी एनसीईआरटी की पुस्तकें

जिला में संचालित निजी विद्यालयों से संबंधित प्रबंधक, संचालक के साथ आयोजित बैठक में गहन विचार विमर्श किया गया.

विज्ञापन

निजी विद्यालय संचालकों के साथ हुई डीएम की बैठक में लिया गया निर्णय

विद्यालय संचालन अवधि में कोचिंग संस्थानों के संचालन पर रोक

सहरसा. जिले में शिक्षा के गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन सुनिश्चित करने को लेकर निरंतर जारी प्रयास के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिला में संचालित निजी विद्यालयों से संबंधित प्रबंधक, संचालक के साथ आयोजित बैठक में गहन विचार विमर्श किया गया. जिसके बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कक्षा छह से आगामी कक्षा तक सभी विषयों को एनसीईआरटी की पुस्तकों से पढ़ाया जायेगा. यह पुस्तक शिक्षा की मुख्यधारा में समाहित रहेगा. निजी विद्यालय प्रबंधन द्वारा कक्षा छह से आगामी कक्षा तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को एनसीईआरटी पुस्तक उपयोग के लिए प्रेरित किया जायेगा.

विचार-विमर्श क्रम में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले में निजी विद्यालयों में पढ़ रहे कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को विषय संकल्पना को हिंदी में समझाने पर अधिकाधिक जोर दिया जायेगा. जिसके फलस्वरूप बच्चे निर्धारित विषय वस्तु को सहजता से ग्रहण करने में सक्षम हो सकेंगे. साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि अध्ययनरत बच्चों को विद्यालय चिन्हित केंद्रों से यूनिफॉर्म, पुस्तक एवं कॉपी खरीदने के लिए जबरदस्ती बाध्य नहीं किया जायेगा. विचार विमर्श क्रम में यह तथ्य उभरकर सामने आया कि विद्यालय अवधि में कोचिंग संस्थानों के संचालन से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए जारी प्रयास प्रभावित होना संभावित है. जिसको लेकर यह निर्णय लिया गया कि विद्यालय संचालन अवधि में कोचिंग संस्थानों का संचालन नहीं किया जायेगा.

निर्देश के उल्लंघन की स्थिति में होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में निजी विद्यालयों के वर्तमान प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यालय प्रबंधन क्रम में सुरक्षा मानकों, विद्यार्थियों के सुरक्षित आवाजाही के लिए सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था एवं उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए अन्य मानकों का दृढ़तापूर्वक पालन करें. विद्यालयों के प्रबंधन की जांच जिला स्तर से प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा शीघ्र किया जाना संभावित है. किसी भी स्तर पर निर्देश उल्लंघन संज्ञान में आने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी निजी विद्यालय संचालकों को जिला स्तर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया. साथ ही यह भी अपेक्षा की कि वे जिला स्तर से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्गत निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करेंगे.

बैठक में नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, अपर समाहर्ता निशांत, जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्रेयांश तिवारी, वरीय उप समाहर्ता राजू कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार के अलावे जेपीएस पब्लिक स्कूल, बुद्धा पब्लिक स्कूल, टैगोर पब्लिक स्कूल, शांति मिशन, बीबीसी इंटरनेशनल स्कूल, एकलव्य सेंट्रल स्कूल सहित अन्य संबंधित मौजूद थे.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन