औचक निरीक्षण में विधायक ने परखी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत, दिए सख्त निर्देश

औचक निरीक्षण में विधायक ने परखी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत
बुधवार की रात्रि विधायक संजय सिंह ने अनुमंडल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण सिमरी बख्तियारपुर. बुधवार की रात्रि सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय सिंह ने अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन जायज़ा लिया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में मौजूद रहकर मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सीय सेवाओं की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया. निरीक्षण के क्रम में विधायक संजय सिंह ने आमजन के बीच जाकर स्वयं रक्तचाप की जांच करवाई और स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को परखा. उन्होंने मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवाओं और चिकित्सकीय सहयोग से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली. इसके बाद विधायक ने निर्माणाधीन मॉडल अस्पताल का भी स्थल निरीक्षण किया और कार्य प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित एजेंसियों एवं अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को अत्याधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके. विधायक संजय सिंह ने हैल्थ मैनेजर अखिलेश कुमार को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को समय पर, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा. यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. अस्पताल में आने वाले हर मरीज को सम्मानजनक और भरोसेमंद इलाज मिलना चाहिए. निरीक्षण के दौरान अस्पताल कर्मियों को साफ-सफाई, दवाओं की नियमित उपलब्धता और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गये. विधायक के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता देखी गयी और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस पहल की उम्मीद जगी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










