निरीक्षण में कई खामियां उजागर, सुधार के निर्देश

निरीक्षण में कई खामियां उजागर, सुधार के निर्देश
डीडीसी ने मॉडल सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण रसोई के अंदर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब, जीविका के बीपीएम की जमकर क्लास सहरसा. रविवार को उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. निरीक्षण की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ राजनारायण प्रसाद, डीपीएम विनय रंजन, अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी व कहरा जीविका के बीपीएम विजय चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गये. निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी सेवा व साफ-सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया. इस दौरान अस्पताल परिसर में कई प्रकार की खामियां सामने आयी. जिसमें सबसे महत्वपूर्ण यह था कि मरीजों के बेडशीट की धुलाई वाली मशीन कई दिनों से खराब पड़ी थी. जिसके कारण मरीजों को उसके बेड पर साफ बेडशीट नहीं मिल पा रहा था. कहीं सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी तो कहीं मरीजों के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी नजर आयी. कुछ स्थानों पर अव्यवस्था और रख-रखाव में लापरवाही भी पाई गयी. इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए डीडीसी ने मौके पर ही सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सभी खामियों का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. साथ ही उन्होंने पूर्व में चोरी हुए एसी के कटे तारों को भी देखा और सिविल सर्जन को मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई का निर्देश दिया. अस्पताल निरीक्षण के बाद डीडीसी ने जीविका द्वारा संचालित दीदी की रसोई का भी निरीक्षण किया. यहां की स्थिति देखकर वे काफी नाराज दिखे. रसोई के अंदर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गयी. वहीं मौके पर मौजूद जीविका के बीपीएम विजय चौधरी की जमकर क्लास लगायी. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि रसोई संचालन में स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का सख्ती से पालन किया जाए. वहीं डीडीसी ने जीविका द्वारा संचालित मॉडल अस्पताल के अंदर खराब पड़ी बेडशीट सफाई मशीन को दो दिन के अंदर ठीक कराकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश बीपीएम को दिया. साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयसीमा में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. निरीक्षण के संबंध में पूछे जाने पर डीडीसी गौरव कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया गया. जिसमें त्रृटि पायी गयी उसे तत्काल सुधार का निर्देश दिया गया है. साथ ही जीविका दीदी द्वारा संचालित रसोई के निरीक्षण में भी कमी पायी गयी है. जिसको लेकर भी निर्देश दिया गया है. वहीं निरीक्षण के दौरान डीडीसी से मिले दिशा निर्देश को लेकर पूछे जाने पर सिविल सर्जन डॉ राजनारायण प्रसाद ने कहा कि किसी को फटकार नहीं लगायी गयी है, केवल जीविका को कहा गया कि खाना बढ़िया से बनाइए और साफ सफाई बढ़िया से रखिए. मुख्य रूप से साफ सफाई का ही मेन निर्देश दिया गया है. वहीं खराब पंखे को बनवाया जा रहा है और जो पंखे की कमी है उसे पूर्णिया से मंगाया गया है. उसे लगाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




