सम्हारखुर्द में विधायक का घेराव कर सड़क व अस्पताल की मांग की
Published by : MANISH KUMAR Updated At : 15 May 2026 4:37 PM
विज्ञापन
धमारा घाट रेलवे स्टेशन से सड़क जोड़ने व स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग
विज्ञापन
सलखुआ, सहरसा से वशिष्ट कुमार सिंह की रिपोर्ट,
सी तटबंध के अंदर स्थित सम्हारखुर्द गांव में शुक्रवार को उस समय हलचल मच गयी, जब क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार सिंह के पहुंचते ही स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और अपनी ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया. ग्रामीणों ने एक स्वर में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताते हुए त्वरित समाधान की मांग की. ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष प्रमुख रूप से धमारा घाट रेलवे स्टेशन से क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क निर्माण की मांग रखी. ग्रामीणों का कहना था कि पक्की सड़क के अभाव में आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. खासकर मरीजों, छात्रों एवं आम लोगों को काफी परेशानी होती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. इसके अलावा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भी लोगों ने चिंता जतायी और सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग की. ग्रामीणों ने कहा कि आपात स्थिति में इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है. ग्रामीणों ने जर्जर सड़कों की मरम्मत, आधारभूत संरचनाओं के विकास तथा अंचल कार्यालय से जुड़े मामलों में कथित मनमानी पर रोक लगाने की भी मांग उठायी. साथ ही अस्पताल निर्माण के लिए निर्धारित जमीन को खाली कराने में प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल खड़े किये. विधायक संजय कुमार सिंह ने मौके पर मौजूद लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाये. इस दौरान विधायक ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










