खराब है मिनी वाटर प्लांट, सैकड़ों परिवार स्वच्छ पेयजल से वंचित

Updated:
विज्ञापन
खराब है मिनी वाटर प्लांट, सैकड़ों परिवार स्वच्छ पेयजल से वंचित

नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 13-बी स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज परिसर में स्थापित मिनी वाटर प्लांट पिछले 15 दिनों से खराब पड़ा है.

विज्ञापन

सोनवर्षा. नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 13-बी स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज परिसर में स्थापित मिनी वाटर प्लांट पिछले 15 दिनों से खराब पड़ा है. इसके कारण क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है. जलापूर्ति ठप रहने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. प्लांट संचालक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मिनी वाटर प्लांट का ऑन-ऑफ स्विच जल गया है. इसकी सूचना संवेदक को दे दी गयी है, लेकिन अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है. उन्होंने बताया कि प्लांट के समीप एक निजी विद्यालय भी संचालित है. भीषण गर्मी के बीच जलापूर्ति बंद रहने से विद्यालय के बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सालों से पानी की टंकी सफाई नहीं कराने का आरोप

संचालक ने आरोप लगाया कि संवेदक द्वारा कई वर्षों से पानी की टंकी की सफाई नहीं करायी गयी है. साथ ही उनका मानदेय भी लंबे समय से लंबित है. इससे प्लांट के संचालन एवं रखरखाव पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. वहीं देहद पंचायत के पदमपुर महादलित टोला में लगभग छह माह पूर्व पीएचईडी द्वारा स्थापित मिनी वाटर प्लांट भी अब तक चालू नहीं हो सका है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नवंबर 2025 में संवेदक मुकेश झा द्वारा प्लांट की स्थापना करायी गयी थी. लेकिन स्थापना के कुछ ही माह बाद प्लांट से जुड़े सभी वाटर पोस्ट क्षतिग्रस्त हो गये.

150 परिवारों को उपलब्ध कराया जाना था स्वच्छ पेयजल

ग्रामीणों ने बताया कि अप्रैल माह में आये तूफान के दौरान प्लांट की पानी की टंकी भी ध्वस्त हो गयी थी. हालांकि हाल ही में नयी टंकी लगा दी गयी है, लेकिन अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. इसके कारण ग्रामीण स्वच्छ पेयजल के बजाय लौहयुक्त पानी का उपयोग करने को मजबूर हैं. इस प्लांट से पदमपुर के करीब 150 परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाना था.

इस संबंध में पीएचईडी के कनीय अभियंता भोले शंकर ने बताया कि बीएसएनएल एक्सचेंज परिसर स्थित मिनी वाटर प्लांट की मरम्मत एक-दो दिनों के भीतर करा दी जाएगी. वहीं पदमपुर स्थित मिनी वाटर प्लांट से भी एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी.

विज्ञापन
दीपांकर श्रीवास्तव

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन