आवारा पशु को बचाने में अनियंत्रित होकर पलटी बाइक, एक ही परिवार के तीन लोग घायल
सिमरी बख्तियारपुर-सोनवर्षा कचहरी मुख्य मार्ग पर हुसैनचक चौक के समीप आवारा पशु को बचाने के चक्कर में एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा: बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिमरी बख्तियारपुर-सोनवर्षा कचहरी मुख्य मार्ग पर हुसैनचक चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया.
सड़क पर अचानक पशु आने से हुआ हादसा
घायलों की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी अनुपम कुमारी, उनकी मामी द्रोपदी देवी और ममेरे भाई साजन कुमार के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर हुसैनचक की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे हुसैनचक चौक के पास पहुंचे, सड़क पर अचानक एक आवारा पशु आ गया. पशु को बचाने के चक्कर में बाइक चालक साजन कुमार ने संतुलन खो दिया और तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पलट गई.
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की गति तेज होने के कारण टक्कर काफी जबरदस्त थी. स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना ही संवेदनशीलता दिखाते हुए निजी वाहन से तीनों घायलों को सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. घायल अनुपम कुमारी ने बताया कि अचानक सामने आए पशु के कारण यह दुर्घटना हुई.
एक की हालत नाजुक, सहरसा रेफर
अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने बताया कि हादसे में द्रोपदी देवी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. वहीं अनुपम कुमारी और साजन कुमार का उपचार अनुमंडलीय अस्पताल में ही चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. मुख्य मार्ग पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










