सहरसा में 240 नवचयनित सिपाहियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच जारी
सहरसा – जांच प्रक्रिया में शामिल पुलिस पदाधिकारी व चिकित्सक
Bihar Police News: सहरसा में सिपाही भर्ती प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार. 240 चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन से लेकर मेडिकल जांच तक की पूरी तैयारी.
Bihar Police News: बिहार पुलिस में सिपाही पद पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सहरसा पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के विज्ञापन संख्या-01/25 के तहत जिले में योगदान देने वाले 241 चयनित अभ्यर्थियों में से 240 अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. यह प्रक्रिया 20 जून से 19 जुलाई तक पुलिस केंद्र, सहरसा में चलेगी. नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच और शारीरिक मापदंडों की जांच समेत कई स्तरों पर व्यवस्था की गयी है.
20 जून से 19 जुलाई तक चलेगी नियुक्ति प्रक्रिया
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों के अनुसार पुलिस केंद्र, सहरसा में बुलाया जा रहा है. यहां अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जाति, आवासीय, आय, नॉन-क्रीमीलेयर प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है.
इसके साथ ही अभ्यर्थियों के फोटो, हस्ताक्षर, पहचान चिह्न और अन्य अभिलेखों का भी मिलान किया जा रहा है.
सात काउंटरों पर हो रही जांच और सत्यापन
नियुक्ति प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अलग-अलग जांच और सत्यापन काउंटर बनाये गये हैं. इन काउंटरों पर दस्तावेज सत्यापन, हस्ताक्षर और फोटो मिलान, शारीरिक मापदंडों की जांच, चरित्र प्रपत्र प्राप्त करना, अंगूठा निशान लेना, चिकित्सीय जांच और सेवा पुस्तिका तैयार करने का कार्य किया जा रहा है.
पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करायी जा रही है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे.
शारीरिक मापदंडों की भी हो रही जांच
आदेश के अनुसार पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित शारीरिक मानकों की जांच भी की जा रही है. पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई, सीना और वजन तथा महिला अभ्यर्थियों की ऊंचाई और न्यूनतम वजन की जांच तय मानकों के अनुसार की जा रही है.
Bihar Police News: पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि नियुक्ति से पूर्व सभी दस्तावेजों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए. किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने को कहा गया है.
पुलिस केंद्र, सहरसा में प्रतिदिन सुबह नौ बजे से नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया संचालित की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए