अवैध गैस सिलेंडर के भंडारण को लेकर बीडीओ ने दर्ज कराया मामला

अवैध गैस सिलेंडर के भंडारण को लेकर बीडीओ ने दर्ज कराया मामला
बुधवार को सिलेंडर के ब्लास्ट होने से सड़क से गुजर रहे युवक की हो गयी थी मौत सहरसा. सदर थाना क्षेत्र के पासवान टोला कोसी चौक निवासी स्व. एनुल हक के पुत्र मो खुर्शीद आलम पर कहरा प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अवैध गैस सिलेंडर के भंडारण को लेकर सदर थाना में मामला दर्ज कराया है. उन पर बुधवार को गैस रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर के ब्लास्ट होने से सड़क से गुजर रहे युवक की मौत हो जाने के बाद मामला दर्ज कराया गया है. युवक की मौत के बाद घटना की जांच जब सदर एसडीपीओ और सदर एसडीओ के नेतृत्व में की गयी तो जांच टीम उनके घर पहुंची थी. उनके घर में अवैध गैस सिलेंडर का भंडारण पाया गया था. जिसके बाद सदर एसडीओ के निर्देश पर कहरा प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आरोपी खुर्शीद आलम पर अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. कहरा प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल कुमार मिश्रा ने बताया कि सदर एसडीओ के निर्देश पर कोसी चौक पासवान टोला निवासी खुर्शीद आलम के घर की जांच की गयी थी. उनके घर पर 14 गैस सिलेंडर पाया गया था. जिनमें 4 घरेलू सिलेंडर था. जबकि 10 व्यावसायिक गैस सिलेंडर था. सभी सिलेंडर इंडेन, एचपी और भारत गैस एजेंसी की थी. जिसके बाद तीनों गैस कंपनी के सहायक प्रबंधक से बात की गयी. जिसमें इंडेन गैस के सहायक प्रबंधक केशव कुमार और एचपी गैस के सहायक प्रबंधक यजेश कुमार ने संयुक्त रूप से इसे अवैध मानते हुए मामला दर्ज कराने का आग्रह किया था. फिर आरोपी खुर्शीद आलम के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया. ………………………………………………………………………… अधिवक्ता परिषद बिहार का स्थापना दिवस 14 को, होगा भव्य आयोजन सहरसा . अधिवक्ता परिषद बिहार का स्थापना दिवस आगामी 14 सितंबर को पूरे राज्य में श्रद्धा, गर्व व संगठनात्मक उत्साह के साथ मनाया जायेगा. इस मौके पर अधिवक्ता परिषद जिला इकाई द्वारा स्थानीय व्यवहार न्यायालय, सहरसा स्थित वकालतखाना के ऊपरी तल पर विशेष समारोह का आयोजन किया जायेगा. इस संबंध में जानकारी देते व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता व अधिवक्ता परिषद बिहार प्रदेश संयोजक अमोद कुमार सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं की सामाजिक, नैतिक एवं राष्ट्रनिर्माण में भूमिका को रेखांकित करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि समारोह में अधिवक्ता परिषद बिहार प्रदेश महामंत्री रणधीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे. उनके साथ परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं जिले के गणमान्य अधिवक्ताओं की उपस्थिति भी सुनिश्चित है. कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार इस दिन अधिवक्ताओं के लिए एक विचारगोष्ठी आयोजित की जायेगी. जिसमें अधिवक्ता परिषद की स्थापना के मूल उद्देश्य, अधिवक्ता समाज की वर्तमान चुनौतियां तथा न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जायेगी. इसके अतिरिक्त परिषद की भावी योजनाओं एवं अभियानों पर भी प्रकाश डाला जायेगा. उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से आग्रह किया है कि वे समय से उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर को सफल बनायें एवं संगठन की एकता व जागरूकता को सुदृढ़ करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




